कुंडम में वारदात, कुल्हाड़ी मारकर इलाज भी करता रहा बेटा
जबलपुर। पिता पर जमीन के बटवारे के लिए दबाव बना रहे बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला किया और घायल होने पर तीन दिन तक उसका इलाज घर पर ही किया। पिता की मौत होते ही वह घर से फरार हो गया। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बारे में कुंडम टीआई प्रताप सिंह मरकाम ने बताया कि ग्राम खितौला निवासी 60 वर्षीय ज्ञान सिंह मरकाम पर छोटा बेटा जय सिंह 13 एकड़ जमीन का बटवारा कर अपना हिस्सा मांगने कह रहा था। कई दिनों से चल रहे विवाद के बाद जय सिंह ने पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और उसकी मौत होने के बाद फरार हो गया। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर एएसपी प्रदीप शेण्डे व डीएसपी अपूर्वा किलेदार के नेतृत्व में टीम आरोपी बेटे की तलाश कर रही है।
मां बहू को लेकर एल्गिन अस्पताल आई थी
टीआई कुंडम प्रताप के मुताबिक वारदात की प्राथमिक जांच में परिजनों ने बताया कि संपत्ति बंटवारे को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हुआ था, जिसके बाद बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मृतक की पत्नी एवं आरोपी की मां चंद्रबती बाई मसराम ने पुलिस को बताया कि 5 अगस्त को बड़ी बहू शकुंतला की डिलेवरी होने वाली थी तो वह बहू कोअस्पताल में भर्ती कराने के लिए भलवारा थाना निवास जिला मंडला गई थी। घर में पति ज्ञान सिंह एवं छोटा लड़का जय सिंह थे। बड़ा लड़का भागचंद ससुराल में था। मंडला अस्पताल में डिलेवरी पर बेटा भागचंद, बड़ी बहू के साथ एल्गिन अस्पताल जबलपुर चली गई थी। 8 अगस्त की शाम जय सिंह ने पिता पर हमला किया और परिजनों के आने तक उसका घर पर ही इलाज करता रहा। पिता की मौत हो जाने पर वह फरार हो गया और जब मां घर लौटी तो ज्ञान सिंह की मौत हो चुकी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
