कांग्रेस के अयोध्या तिवारी को मिले 34 वोट, विजयी प्रत्याशी को 44
जबलपुर। नगर निगम अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रिंकू विज 44 वोट लेकर निर्वाचित घोषित हुए, उन्होंने सदन में हुई वोटिंग में कांग्रेस के अयोध्या तिवारी को पराजित कर दिया। उनकी जीत बहुमत के कारण पहले ही तय थी, लेकिन जिस क्रास वोटिंग की आशंका में भाजपा ने पार्षदों की बाड़ाबंदी की थी वह कुछ ढीली साबित हुई क्योंकि इसके बावजूद कुल वोटिंग और प्रत्याशियों को मिले मत की गणना से माना जा रहा है कि 1 वोट क्रास हुआ। जानकारी के अनुसार रिंकू विज को 44 वोट मिले तो वहीं अयोध्या तिवारी को 34 वोट मिले, जबकि कांग्रेस को मिले वोट में मेयर का वोट शामिल है और एआईएमआईएम के 2 सदस्यों की अनुपस्थिति बताई गई। बाद में इस पर मंथन होता रहा कि भाजपा ने एक निर्दलीय सहित 45 पार्षदों की बाड़ाबंदी की थी, तो एक वोट आखिर कैसे कम हुआ।
सभाकक्ष में गहमा-गहमी, होटल से सीधे पहुंचे भाजपा पार्षद
नगर निगम का पं भवानी प्रसाद तिवारी सभा कक्ष एक बार फिर सत्तापक्ष और सदन में बहुमत वाली भाजपा के बीच शक्ति परीक्षण का गवाह बना। अध्यक्ष (सभापति) के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के पहले कांग्रेस पार्षद मेयर जगत बहादुर सिंह अन्नू के साथ निगम परिसर में पहुंच गए थे, वहीं क्रास वोटिंग की आशंका पर होटल में नजरबंद रखे गए भाजपा के 44 व 1 निर्दलीय पार्षदों की आमद होटल से सीधे नगर निगम परिसर में हुई। अध्यक्ष के साथ ही अपील समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल रहा और भाजपा की ओर से अकेले विधायक अशोक रोहाणी व महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने मोर्चा संभाला। शुरुआती दौर में कांग्रेस भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम का इंतजार करती रही और अधिकारिक तौर पर रिंकू विज के नाम की घोषणा के साथ ही कांग्रेस ने रणनीति बदली और पहली बार के पार्षद अयोध्या तिवारी को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने अधिकृत किया।
कांग्रेस को क्रास वोटिंग की आस, भाजपा का दावा 4 पार्षद संपर्क में
अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के पहले तक कांग्रेस को क्रास वोटिंग की आस रही, और पार्टी के रणनीतिकारों ने 26 कांग्रेस पार्षदों सहित निर्दलीय व विपक्ष के 6 पार्षदों का समर्थन मिलने का दावा किया था। वहीं भाजपा विधायक अशोक रोहाणी ने दावा किया कि अध्यक्ष पद के लिए भाजपा को 45 वोट के अलावा 4 और वोट मिलेंगे। चारों पार्षद भाजपा के संपर्क में हैं। दावे-प्रतिदावे के बीच चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई और भाजपा प्रत्याशी रिंकू विज सहित उनके समर्थक व प्रस्तावक कमलेश अग्रवाल एवं लवलीन आनंद सभाकक्ष में गए। इधर, कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी अयोध्या तिवारी बंटी ने नामांकन दाखिल किया। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं सहित विधायकों की मौजूदगी के साथ ही पंडित भवानीप्रसाद तिवारी सभाकक्ष जहां मतदान हुआ,वहां मीडिया का भी प्रवेश निषेध रहा और पुलिस-प्रशासन ने मोर्चाबंदी कर रखी थी।
भाजपा नेताओं ने कहा बाड़ाबंदी का आरोप झूठा
आज पूर्वान्ह जैसे ही बस में सवार पार्षद नगर-निगम पहुंचे और इस बावद पूछे जाने पर विधायक अशोक रोहाणी और भाजपा नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने कहा कि पार्षदों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था जिससे कि शहर विकास में वे बेहतर कार्य कर सकें। उन्होने कहा कि भाजपा पार्षदों की बाड़ाबंदी जैसा आरोप कांग्रेस की अपनी मानसिकता का परिचय है यहां पार्षदों को प्रशिक्षण दिया जा रहा था। हालांकि भाजपा पार्षदों की बस आने से पहले पार्षद कमलेश अग्रवाल, लवलीन आनंद और रिकुंज विज पहले ही नगर-निगम परिसर पहुंच गए थे।
