एमपी की सबसे बड़ी साढ़े 5 करोड़ की चोरी पुलिस ने पकड़ी
एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी परिहार व एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने किया वारदात का खुलासा
जबलपुर। मध्यप्रदेश में सबसे बड़ी साढ़े पांच करोड़ की पायलवाला गोल्ड शोरूम की चोरी करने वाले 3 शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 व 16 अगस्त की दरम्यानी रात शोरूम के ताले काटकर ज्वैलरी शॉप में चोरी करने वाले तीनों युवक बेरोजगारी से परेशान थे। 15 दिन की सघन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस के हाथ चोरों के गिरेबान तक पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए करीब-करीब सभी जेवरों को बरामद करते हुए एक इनोवा कार, एक बाइक और कटर जब्त कर लिया है। एडीजीपी उमेश जोगा, डीआईजी आरआरएस परिहार एवं एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने चोरी का खुलासा करते हुए पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी।
कोरोनाकाल में घाटा लगा तो बनाई चोरी की योजना
. एडीजीपी व जबलपुर जोन के आईजी उमेश जोगा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने हुई पूछताछ में पाया गया कि आरोपी गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा वाहन खरीद बिक्र ी का व्यापार करता था एवं इलेट्रानिक सामान बनाने का छोटा कारखाना चलाता था। कोरोना लॉकडाउन के बाद व्यापार में घाटा होने से कर्ज बढ़ गया था। घटना में प्रयुक्त इनोवा कार भी आरोपी ने लोन पर खरीदी थी, जिसका कर्ज वह चुका नहीं पा रहा था और कर्जदार लगातार उससेअपने पैसे मांग रहे थे। आरोपी ने ज्वैलरी शॉप में चोरी करने की योजना साथी बैजू उर्फ बैजुद्दीन के साथ मिलकर बनाई। गुलाम मुस्तफा बीते 1 माह से पायलवाला गोल्ड शोरूम दुकान की रैकी कर रहा था। घटना दिनांक को गुलाम मुस्तफा ने अपनी इनोवा की नम्बर प्लेट को कपड़े से ढककर टेप से चिपका दिया एवं इनोवा में ताले काटने के लिए कटर लेकर दोनों गोलबाजार में दत्त मंदिर के पास गली में पहुंचे। कार खड़ी कर पैदल गलियों से होते हुए पायलवाला गोल्ड शोरूम के पीछे पहुंचकर दुकान के चैनल गेट सहित 10 ताले काटकर दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी का डीवीआर निकाल कर रख लिया। चोर दुकान के गोल्ड काउंटर में रखी ज्वैलरी बोरी में भरकर इनोवा से भाग गए।
नाले में फेंक दी डीवीआर, तीनों चोर गोहलपुर, नूरी नगर के निवासी
चोरों ने औजार कपड़े एवं डीवीआर को बहते नाले मे फेंक दिया तथा इनोवा कार को भेड़ाघाट ले जाकर खड़ा कर अपने-अपने घर चले गए। थोड़ी देर बाद बाइक से कोसमघाट में सुनसान स्थान पर जाकर चुराए हुए जेवरों की बोरी लेकर गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा के घर गए। वहां जेवरों का आपस में बारबरी से बटवारा कर लिया गया। आरोपी गुलाम मुस्तफा ने इनोवा कार को कबाड़ में कटवाने के लिए कबाड़ी को देकर नागपुर एवं अजमेर घूमने चला गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गोपी उर्फ गुलाम मुस्तफा पिता अब्दुल रहमान 42 साल निवासी उत्तर मोतीनाला थाना गोहलपुर, बैजू उर्फ बैजुद्दीन पिता मो. जुनैद 32 साल निवासी पुरान पुल यूनानी दवाखाना के पास थाना गोहलपुर,आरिफ पिता मोहम्मद राजू उर्फ रज्जब 28 साल निवासी नूरी नगर अजीज गंज पसियाना थाना गोहलपुर निवासी हैं।
माल बरामद, पतासाजी में इनकी सराहनीय भूमिका रही
सोने के जेवर वजनी 10 किलो 252 ग्राम 070 मिली ग्राम कीमती 5 करोड़ 43 लाख 43 हजार 500 रूपये के एवं घटना में प्रयुक्त कटर, इनोवा एमपी 20 बीए 1255, बाइक एमपी 20 एमए 3410 जप्त की गई। एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशन में एएसपी गोपाल खांडेल, एएसपी समर वर्मा, सीएसपी प्रभात शुक्ला, सीएसपी अखिलेश गौर, लार्डगंज टीआई मधुर पटेरिया, एएसआई रामसनेह शर्मा, प्रमोद पाण्डेय, गोपाल विश्वकर्मा, शैलेन्द्र सिंह, प्रभाकर सिंह परिहार, अजय पाण्डे, मृदुलेश शर्मा, वीरेन्द्र सिंह, नसीम सहित अन्य की भूमिका सराहनीय रही।

