Type Here to Get Search Results !

खजरी खिरिया बायपास पर बच्चों से भरी स्कूल बस पलटी, 2 घायल

सुबह-सुबह साइकिल सवार को बचाने में हुआ हादसा

 जबलपुर। अधारताल थानांतर्गत खजरी खिरिया बायपास में सोमवार की सुबह स्कूल बस पलट गई। घटना में दो बच्चों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पिपरिया इमलिया खेड़ा स्थित ब्लेसिंग किड्स पब्लिक स्कूल की बस सुबह-सुबह छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस खजरी-खिरिया बायपास के पास पहुंची, वहां एक साइकिल सवार युवक अचानक बस के सामने आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबूलेंस को कॉल किया, जिसके बाद चालक सहित स्कूली बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। गनीमत रही, कि पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, वरना बड़ा हादसा घटित हो सकता था। बस में सवार होकर स्कूल जा रहे बच्चों ने पुलिस को बताया कि जिस साइकिल सवार की वजह से यह हादसा हुआ, वह लहरा-लहराकर बीच रोड पर चल रहा था। जिसे बचाने के चक्कर में बहक गई। उन्होंने बताया कि साइकिल चालक को कई बार हॉर्न भी दिया गया, लेकिन फिर भी वह किनारे नहीं हुआ। हालांकि कुछ लोगों ने बस चालक के भी नशे में धुत होने की बात कही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.