अज्ञात वाहनों ने कुचला, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चैक कर रही पुलिस
जबलपुर। कटंगी बायपास में देर रात 2 अलग-अलग हादसों में 2 युवकों की मौत हो गई। बायपास पुल के ऊपर और नीचे हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसे में अज्ञात भारी वाहनों की चपेट में आने से युवकों की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची माढोताल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। माढ़ोताल टीआई रीना पांडे शर्मा ने बताया कि वाहन चालकों को निर्धारित मार्ग की जानकारी देने वाले (गाइड) विनोद चौधरी निवासी गुब्बारा थाना जबेरा को देर रात अज्ञात वाहन ने कुचल दिया है। विनोद चौधरी की लाश सुबह हाईवे में पड़ी मिली है। संभवत: देर रात किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से विनोद चौधरी की मौत हो गई। इसी तरह एक युवक मोहम्मद चांद बाबू पिता गरीब अली निवासी सिकारा गुंजारगंज उत्तरप्रदेश की लाश पुल के नीचे मिली है। प्राथमिक जांच में पाया गया है कि चांद बाबू को किसी अज्ञात वाहन रौंद है, जिसमें उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि चांद बाबू कुछ दिन पहले ही मुम्बई से जबलपुर आया था। पुलिस हादसों की जांच कर रही है।