डॉ संतोष सोनी व असि मैनेजर जा चुके हैं जेल, पुलिस टीम कर रही तलाश
जबलपुर। 8 लोगों के जिंदा जलकर मृत होने की दर्दनाक घटना के बाद न्यू लाइफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के फरार संचालकों पर एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने हादसे के बाद फरार संचालकों में से एक डॉ संतोष सोनी को बांधवगढ़ की एक होटल से गिरफ्तार किया था और घटना के दूसरे दिन असि.मैनेजर पनागर निवासी राम सोनी को गिरफ्तार कर लिया था। फरार 4 आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित करते हुए पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही है। वहीं आरोपी डॉ निशिंत गुप्ता की ओर से उनके वकील ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
सूचना देने वाले या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले होंगे पुरस्कृत
दमोह नाका-आईटीआई रोड स्थित न्यू लाईफ हॉस्पिटल के अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद उसके संचालक फरार हैं। एसपी ने डॉ निशिंत गुप्ता पिता जय मंगल गुप्ता निवासी 111 शीतलपुरी उखरी रोड, डॉ सुरेश पटैल पिता जगदीश पटैल निवासी राम मंदिर के पास गांधी वार्ड नरसिंहगढ़ जिला दमोह हाल मुकाम संजीवनी नगर, डॉ संजय पटैल निवासी नया पेट्रोल पंप शीतला माई के पास घमापुर तथा सीनियर मैनेजर विपिन पांडे निवासी त्रिमूर्ति नगर की गिरफ्तारी हेतु सूचना देने वाले या गिरफ्तारी में सहयोग देने वाले को 10-10 हजार रुपए नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक फरार अस्पताल संचालकों की तलाश में कई जगह छापेमारी की गई, लेकिन उनका पता नहीं चला। हाईकोर्ट में दायर की गई अग्रिम ज़मानत याचिका में डॉक्टर निशिंत गुप्ता ने खुद को बेकसूर बताया है और जांच में सहयोग करने की शर्त पर गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत दिए जाने की मांग की है। याचिका पर सोमवार को सुनवाई हो सकती है।
