खमरिया पुलिस ने चंद घंटों में लड़की को किया दस्तयाब
जबलपुर। एक युवक ने स्कूली लड़की को बहला फुसलाकर प्रेम जाल में फसाया और शादी करने का झांसा देकर उसे भगा ले गया फिर उसके साथ रेप किया। परिजनों की शिकायत पर खमरिया पुलिस ने लड़की को दस्तयाब कर युवक के खिलाफ अपहरण व रेप का अपराध दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि घर से स्कूल के लिए निकली नाबालिग लड़की को उसका प्रेमी शादी करने की बात कहकर अपने घर ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इधर लड़की के लापता होने पर परिजनों ने खमरिया थाना में धारा 363 का अपराध दर्ज कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल तत्काल सक्रिय हुई खमरिया पुलिस ने 3 घंटे में लड़की को दस्तयाब कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खमरिया पुलिस ने बताया कि खमरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय लड़की घर से स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। लड़की के स्कूल न पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पतासाजी कर अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए शिकायत दर्ज कराई। धारा 363 का अपराध दर्ज कर हरकत में आई पुलिस ने पतासाजी करते हुए कांचघर निवासी निखिल राजपूत के घर से लड़की को दस्तयाब किया। लड़की ने पुलिस को बताया कि निखिल से उसकी दोस्ती है। सोमवार को निखिल ने कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। निखिल अपने घर ले गया और फिर जबरजस्ती रेप किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376 के तहत कार्रवाई की।
