खजुराहो एयरपोर्ट पर सीएम के प्रोटोकाल में की लापरवाही
भोपाल। छतरपुर प्रवास के दौरान खजुराहो एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को घटिया और ठंडी चाय परोसने पर कार्रवाई की गाज फूड अफसर पर गिरने वाली है। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री के प्रोटोकाल में लापरवाही करने वाले कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हुआ को कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने नोटिस देकर कहा है कि वे सीएम के प्रोटोकाल की अनदेखी करने के मामले में तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करें। फूड अधिकारी के जवाब के बाद उन पर कार्रवाई की जाएगी। छतरपुर जिले के राजनगर एसडीएम द्वारा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हुआ को दिए नोटिस में कहा गया है कि 11 जुलाई को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खजुराहो एयरपोर्ट में ट्रांजिट विजिट के दौरान नाश्ते और चाय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मुख्यमंत्री को जो चाय परोसी गई वह स्तरीय नहीं थी और ठंडी थी। इससे जिला प्रशासन की छवि धूमिल हुई है और सीएम के प्रोटेकॉल का भी उल्लंघन हुआ। अधिकारी द्वारा प्रोटोकॉल व्यवस्था को हल्के में लिए जाने से यह स्थिति निर्मित हुई है और यह कदाचरण की श्रेणी में भी आता है। इसलिए इस मामले में अधिकारी कन्हुआ कठोर कार्रवाई के दायरे में आते हैं। तीन दिन में जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को दी गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सोमवार को रीवा और कटनी के चुनावी दौरे पर थे। रविवार को मुरैना में रोड शो से वापसी में विलंब के कारण वे ग्वालियर में रात्रि विश्रम के लिए रुके और उसके बाद दोपहर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां वीआईपी को घटिया व ठंडी चाय दी गई थी।
कांग्रेस ने ली चुटकी,भले ही राशन न मिले .....
मुख्यमंत्री के प्रोटोकाल में लापरवाही के मामले में कांग्रेस ने चुटकी ली है। पार्टी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर कहा कि मामाजी को ठंडी चाय पिलाने पर फूड इंस्पेक्टर पर गिरी गाज..छतरपुर के राजनगर का मामला..जनता को भले ही राशन तक न मिले,पीड़ित को एम्बुलेंस न मिले लेकिन मुखिया को चाय ठंडी नहीं मिलना चाहिए.. ़?