मारुति ब्रेजा कार में करता था सप्लाई, पूछताछ कर रही पुलिस
जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने मारुति ब्रेजा कार में शराब की तस्करी करते एक युवक को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के पौंड़ी गांव में एक युवक कार में लाखों की शराब रखकर बेचने की फिराक में खड़ा था। जिसे दबोचकर पुलिस ने उसके पास से कार और शराब जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। माढ़ोताल टीआई रीना पांडे शर्मा ने बताया कि देर रात मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम पौंड़ी का मनोज महेरे अपनी कार क्रमांक एमपी 20 सीके 1666 में भारी मात्र में देशी शराब रखकर घर के पास तस्करी कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने जैसे ही मौके पर दबिश दी तो वह शराब से भरी बोरी जमीन पर रख रहा था और पुलिस को देखकर भागने लगा। जिसका पीछा कर पुलिस ने उसे दबोचकर कार की तलाशी ली तो उसमें करीब 7 लाख रुपए कीमती शराब मिली। आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह शराब कहां से लाया और कहां बेचने की तैयारी थी। पुलिस को शक है कि ब्रेजा कार की डिक्की से मिली लाखों की शराब के तार पंचायत चुनाव से जुड़े हुए हैं।आरोपी जिन स्थानों पर पंचायत चुनाव हो रहे हैं, वहां शराब सप्लाई करता है। कार्रवाई में एएसआई दयाशंकर सेन, नेतराम चौधरी, प्रेमनारायण सहित अन्य की महत्वपूर्ण भूमिका थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।