अनिभा के दूसरे अफेयर से था खफा, खुद भी जीना नहीं चाहता था
जबलपुर। गौर चौकी क्षेत्र में पूर्व प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर लापता शादीशुदा प्रेमी बादल पटैल की लाश तीसरे दिन तिलवारा पुल के समीप उतराती मिली। पुलिस का अनुमान और जांच में मिली जानकारी सही निकली कि अनिभा को गोली मारने के बाद बादल ने नर्मदा नदी में छलांग लगा दी थी। अनिभा के दूसरे अफेयर से नाराज फर्जी पत्रकार गैंग के सदस्य बादल पूर्व प्रेमिका को उसके आईटी पार्क स्थित ऑफिस से कार द्वारा लेकर आया था और दोनों में विवाद के बाद अनिभा की हत्या कर फरार हो गया था। पुलिस व गोताखोर लगातार नर्मदा में बादल की तलाश कर रहे थे।
परिजनों को लेकर पहुंची पुलिस, हुई शिनाख्त
. बताया जाता है कि तिलवारा पुलिस को सुबह करीब 8 बजे स्थानीय नाविकों ने सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पानी से निकालते हुए बरेला पुलिस को जानकारी दी। बरेला पुलिस लापता युवक बादल के परिजनों को साथ लेकर मौके पर पहुंची और उसकी शिनाख्त की गई। डीएसपी अपूर्वा किलेदार ने बताया कि तिलवारा पुल के समीप लाश मिलने की सूचना पर पुलिस ने लाश को पानी से बाहर निकाला, तभी गौर चौकी प्रभारी टेकचंद शर्मा मौके पर पहुंचे। फरार बादल पटैल के पिता सुरेंद्र पटैल निवासी बिलपुरा ने लाश की पहचान अपने लापता बेटे के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए लाश को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में रविवार को हत्या का अपराध दर्ज किया था।
कंपनी के मैनेजर को भोपाल से बुलाया पुलिस ने
गौरतलब है कि बरेला थाना की गौर पुलिस चौकी अंतर्गत शनिवार शाम करीब 6 बजे ग्राम मंगेली के पास हाइवे के नर्मदा पुल पर खड़ी कार क्रमांक एमपी 20 सीजे 9414 में जोगनी नगर रामपुर निवासी अनिभा की लाश मिली थी। अनिभा को गोली मारकर बादल पटैल फरार हो गया था, जिसके नर्मदा में आत्महत्या करने के एंगल से पड़ताल चल रही थी। वहीं वारदात के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली कि अनिभा का बादल से ब्रेकअप होने के बाद मनी ट्रांजेक्शन कंपनी के मैनेजर से अफेयर चल रहा था और फर्जी पत्रकार गैंग पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद जेल से बाहर आने पर बादल को इसकी जानकारी मिल गई थी। उसने अनिभा को समझाने या मैनेजर को ब्लैकमेल करने के इरादे से उसे ऑफिस से बुलाया, लेकिन तकरार होने पर गोली मारकर हत्या कर दी।