Type Here to Get Search Results !

इंटरनेशनल सटोरिया सनपाल का गुर्गा राहुल चान्ना पुलिस के शिकंजे में

फिल्मी स्टाइल में दो थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा 

जब्त लेपटॉप और मोबाइल खोलेगा बुकियों के राज, रसूखदारों की एप्रोच भी काम न आई 

जबलपुर। दुबई में बैठकर ऑनलाइन सट्टा का नेटवर्क संचालित करने वाले फरार इंटरनेशनल सटोरिए सतीश सनपाल की काली कमाई को ठिकाने लगाने वाले खास गुर्गे राहुल चान्ना को पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर कछियाना के पास दबोच लिया। पुलिस को देर रात सूचना मिली की सफेद रंग की एमजी हैक्टर लग्जरी कार क्रमांक में एमपी 20 सीके 5059 में इनामी फरार आरोपी दिलीप खत्री और राहुल चान्ना घूम रहे हैं। पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने को 3 तरफ से घेरा और कछियाना क्षेत्र की गली में पुलिस ने लग्जरी कार को ट्रेस कर लिया। कार में सतीश सनपाल का खास छर्रा राहुल चान्ना मिला, लेकिन दिलीप खत्री नहीं मिला। राहुल चान्ना के पुलिस हिरासत में होने की खबर मिलते ही उसे छुड़ाने के लिए कुछ रसूखदार लोग थाना पहुंचे, एप्रोच लगाई, लेकिन पुलिस के सामने किसी की नहीं चली। थाना में हंगामा होने की सूचना पर रांझी सीएसपी सहित अन्य थाना का पुलिस फोर्स लार्डगंज थाना पहुंच गया। पुलिस राहुल चान्ना को लेकर उसके सुख सागर वैली स्थित घर पहुंची, जहां से एक लैपटॉप जब्त किया है। पुलिस राहुल से फरार सतीश सनपाल सहित खत्री बंधुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

 पश्चिम बंगाल तक में खोले गए बैंक खाते

 सटोरिए सतीश सनपाल और उसके गुर्गे फूटाताल निवासी आजम, दिलीप खत्री, संजय खत्री, मुरलीधर खत्री, आकाश गोगा, अजीत गोगा, इंद्रजीत सिंह समेत अन्य के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की तो उसने शहर के बुकियों से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित एक बैंक के माध्यम से लेनदेन किया। पुलिस को चकमा देने के लिए सतीश सनपाल ने पहले ही सिलीगुड़ी के एक बैंक में एकाउंट खुलवाया था। पुलिस को उसके शहर के बैंक एकाउंट्स की जानकारी मिली तो उसने सिलीगुड़ी के बैंक एकाउंट का उपयोग करना शुरू कर दिया था। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस इस बैंक एकाउंट की जानकारी जुटा रही है। सतीश सनपाल के इशारे में शहर का पूरा काम राहुल चान्ना देखता था, ऐसी जानकारी पुलिस को जांच के दौरान मिली थी। सतीश सनपाल की काली कमाई को ठिकाने लगाने में राहुल चान्ना एवं आजम खान की भूमिका बेहद खास बताई जाती है। इनके अंडर में कई लड़के रकम कलेक्शन का काम करते हुए बोगस एकाउंट में रकम जमा करते हैं। पुलिस के अनुसार आईपीएल के दौरान इन्हीं 13 एकाउंटस का उपयोग आईपीएल में कमाई गई काली कमाई को इधर से उधर करने के लिए किया गया था। 

कलेक्शन ऑफिस में पड़ी रेड में उछला राहुल का नाम

कुख्यात सटोरिए सतीश सनपाल के ऑफिस में पुलिस की रेड के बाद से ही पुलिस राहुल चन्ना और सोनू शिवहरे समेत अन्य को तलाश रही थी। पुलिस ने राहुल और सोनू के मोबाइल की कॉल रिकॉर्ड डिटेल्स की भी जांच की, लेकिन उनकी लोकेशन नहीं मिल रही थी। पुलिस की मानें तो सतीश से जुड़े सभी बुकी अपने मोबाइल बंद कर दूसरे नम्बरों का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि पुलिस उन सभी बुकियों के परिजनों के फोन पर नजरें जमाए हुए है। सतीश सनपाल सहित इसके सभी खास छर्रो ने कोटक महिन्द्रा, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई जैसे प्रायवेट बैंकों में खाते खुलवाकर रखे हैं। कटंगा स्थित एसबीआई में भी इनके 2 खाते खुले थे। बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 10 लाख 54 हजार रु पए की राशि सीज करने के बाद पुलिस टीम ने बैंक खातों के पिछले सालों के लेनदेने की जानकारी खंगाली थी। पुलिस की एक टीम सतीश के खास दिलीप खत्री, उसके भाई संजय खत्री और पिता मुरली खत्री समेत उनके परिजनों और राहुल चन्ना, सोनू, निक्की, आकाश गोगा, अजीत गोगा और इंद्रजीत सिंह समेत अन्य के बैंक खातों का भी ब्यौरा जुटा रही थी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.