Type Here to Get Search Results !

दो माह पहले ब्याही राधा फांसी के फंदे पर मिली, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मझौली के बनखेड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत 

जबलपुर। शादी के 2 महीने बाद 21 वर्षीय राधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ पहुंचे तहसीलदार से मायके पक्ष वालों ने कहा कि बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का मामला बनाने की साजिश की जा रही है। मझौली थानान्तर्गत हुई इस घटना के बारे में पड़ताल करते हुए राधा की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई है।

 दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

 नवविवाहिता की मौत की सूचना पर तहसीलदार प्रदीप मिश्र मौके पर पहुंच गए थे। प्राथमिक पूछताछ में मृतिका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मायके एवं ससुराल पक्ष के लोगों के प्राथमिक बयान ले रही है। मझौली पुलिस ने बताया कि ग्राम बनखेड़ी निवासी रंजीत सिंह का विवाह 2 माह पहले ग्राम गूड़ा तहसील ढीमरखेड़ा जिला कटनी निवासी कैलाश सिंह की बेटी राधा से हुआ था। राधा के पिता कैलाश सिंह ने पुलिस को बताया कि विवाह के 15 दिन बाद से ही पति सहित ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। बेटी राधा को प्रताड़ित करते हुए उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि मायके से सोने की अंगूठी, फ्रिज एवं बाइक मंगाओ। बेटी ने अपने पिता को बताया था कि ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं, जिसके बाद पिता कैलाश ने ससुराल वालों से कहा था कि दहेज देने में असमर्थ हैं, बेटी को हमारे घर छोड़ जाइए। 

फोन पर नहीं करने दी बात, कहा-कर ली आत्महत्या

 सोमवार रात राधा के पिता कैलाश ने बेटी राधा को करीब 9 बजे फोन लगाया जिस पर पति रंजीत ने विवाद करते हुए फोन काट दिया। पिता ने दोबारा कॉल किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। मंगलवार सुबह बेटी के ससुराल से किसी ने पिता कैलाश को फोन कर बताया कि आपकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बेटी की मौत की खबर मिलते ही पिता सहित मायके वाले बनखेड़ी पहुंचे। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस एवं तहसीलदार से कहा कि उनकी बेटी राधा की हत्या करने के बाद पति रंजीत एवं ससुराल वालों ने लाश को फंदे पर लटका दिया, ताकि हत्या को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस ने हत्या सहित आत्महत्या के एंगल से मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। इधर पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर ससुराल और मायके पक्ष के लोगों में अंतिम संस्कार कौन करेगा को लेकर जमकर बहस हुई।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.