Type Here to Get Search Results !

भाजपा प्रत्याशी 14 वार्डो में ऐसे हारे कि तीसरे से सातवे नंबर तक धकिल गए

प्रत्याशी चयन पर सवाल,सदन में बहुमत हासिल करने के साथ ये मलाल 

जबलपुर। नगर निगम के 79 वार्डो में से 44 वार्ड में जीत का परचम लहराने वाली भाजपा में पार्षद प्रत्याशी चयन पर भी सवाल उठे। सदन में बहुमत हासिल करने के बाद भी शहर के 14 वाडरे में भाजपा बुरी तरह पराजित भी हुई। 14 वार्ड ऐसे रहे जहां भाजपा के प्रत्याशी तीसरे, चौथे, पांचवे और सातवे नंबर पर धकिल गए। एक भाजपा प्रत्याशी को मात्र 73 वोटों से संतोष करना पड़ा। तीसरी पोजिशन पर आने वालों में भाजपा के नगर उपाध्यक्ष जय सचदेवा और संजय नाहतकर के नाम हैं।

 पूर्व पार्षद व एमआईसी सदस्य भी पराजित

 मेयर पद के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद के विपरीत आए परिणाम से संगठन सकते में है, वहीं भाजपा नेता यह कहकर संतोष जता रहे हैं कि नगर निगम के सदन में पार्टी 44 पार्षदों के साथ बहुमत में है और सभापति सहित नेता प्रतिपक्ष उनका होगा। चुनाव परिणामों के विश्लेषण में यह बात भी सामने आई कि कई वार्डो में भाजपा की शर्मनाक पराजय भी हुई है। वार्ड 4 शंकर शाह नगर वार्ड में आम आदमी पार्टी से भाजपा में आईं पूनम प्रसाद तीसरे नंबर पर रहीं, उन्हें 1086 वोट मिले। वार्ड 5 सरदार बल्लभ भाई पटैल वार्ड से भाजपा की टिकट बदलने के बाद प्रत्याशी बने संजय नाहतकर भी तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें 2406 वोट मिले। वार्ड नं 26 गोविंद बल्लभ पंत वार्ड में भाजपा प्रत्याशी सुनीता पांडे भी तीसरे नंबर पर रहीं,उन्हें 1047 वोट मिले। इस वार्ड में निर्दलीय वर्षा सेन मात्र 8 वोट से चुनाव जीत गईं। वार्ड 36 मौलान अबुल कलाम आजाद वार्ड में पूर्व पार्षद जरताज अहमद तीसरे नंबर पर रहे,उन्हें 1147 वोट मिले। वार्ड 38 मोती लाल नेहरू वार्ड में ओबेस अंसारी तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें 1103 वोट मिले। इस वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी व भाजपा अल्पसंख्यक मोचरे के पूर्व नगर अध्यक्ष शफीक हीरा चुनाव जीते। वार्ड 40 जाकिर हुसैन वार्ड में भाजपा प्रत्याशी नसीम बानो पांचवे नंबर पर रहीं, उन्हें 272 वोट मिले।

 भाजपा प्रत्याशी ताजुद्दीन को मिले मात्र 73 वोट

 वार्ड 41 संजय गांधी वार्ड से भाजपा प्रत्याशी रेशमा बानो को मात्र 94 वोट मिले और वे सातवे नंबर पर रहीं। वार्ड 46 द्वारका प्रसाद वार्ड से भाजपा के नगर उपाध्यक्ष व प्रत्याशी जय सचदेवा भी बागी प्रत्याशी टिल्लू नेचलानी के कारण तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें 1686 वोट मिले। वार्ड 47 सेठ गोविंद दास वार्ड से संदीप शुक्ला तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें 1061 वोट मिले। वार्ड 49 लाल बहादुर शास्त्री वार्ड से भाजपा की शाहीन अंसारी चौथे नंबर पर रहीं, उन्हें 704 वोट मिले। वार्ड 51 रवींद्र नाथ टैगोर वार्ड में शीरत अंसारी का नंबर भी चौथा रहा। वार्ड 59 शहीद असफाक उल्ला में भाजपा के ताजुद्दीन उस्मानी पांचवे नंबर पर रहे, उन्हें मात्र 73 वोट मिले। वार्ड 68 गोकलपुर वार्ड में भाजपा प्रत्याशी संगीता बंटी रजक तीसरे स्थान पर रही, उन्हें 1535 वोट मिले। वार्ड 78 महर्षि बाल्मीकि वार्ड में भाजपा प्रत्याशी महेश वंशकार भी तीसरे नंबर पर रहे, उन्हें 1750 वोट मिले। इस तरह 44 वार्ड जीतने वाली भाजपा को 14 वार्डो में जबरदस्त झटका लगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.