टूटी टेबल और टॉयलेट में गंदगी देख कलेक्टर ने लगाई फटकार
जबलपुर। नगर निगम चुनाव में मेयर सहित 79 वार्डो के पार्षदों के फैसले की घड़ी आ गई। रविवार को होने वाली मतगणना पर सबकी नजर है कि मेयर पद पर जगत बहादुर सिंह अन्नू की विजय होगी या डॉ जितेंद्र जामदार भाजपा की जीत लगातार सिलसिला बनाए रखेंगे। इससे पहले मतगणना स्थल एमएलबी स्कूल में बना स्ट्रांग रूम आज खुला और उससे ईवीएम बाहर निकालने की मॉकड्रिल की गई। यहां व्यवस्थाओं को देखने पहुंचे कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ इलैयाराजा टी ने टूटी टेबल व टॉयलेट में गंदगी देखकर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और शाम तक पूरे परिसर में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने कहा। बारिश के कारण मतगणना स्थल पर व्यवस्थाएं बहुत खराब हो गईं। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी सहित उप जिला निर्वाचन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया, अपर कलेक्टर विमलेश सिंह, शेर सिंह मीणा आदि अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे थे।
हर व्यवस्था की हुई रिहर्सल, अधिकारियों ने दी हिदायत
आज सुबह से स्ट्रांग रुम खोल कर मतपेटियां निकालने, पहला गणना पत्रक कितनी देर में मिल पाता है, निर्धारित फॉर्मेट में गणन-पत्रक भरना, काउंटिंग के लिए कक्षवार व्यवस्थाओं में एजेंट्स-प्रत्याशी सहित निर्वाचन अमले सहित कितने लोग आ सकते हैं, कितने गैलरी में रह सकते हैं आदि बिंदुओं पर व्यवहारिक रूप से काम करने का प्रयास किया गया। इसके चलते परिसर के बाहर से उद्घोषक की आवाज गूंज रही है तो परिसर के भीतर अमले की आवाजें यहां से वहां सुनाई दे रही हैं। सुबह-सुबह महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में पार्किग व्यवस्था से लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के नजरिए से पुलिस द्वारा लगाई जा रही बैरिकेटिंग से कैसे लोग भीतर तक आ सकेंगे, गाड़ियां जहां पार्क करना है वहां कीचड़ के कारण कैसे काम बनेगा इन सब पर भी फोकस करते हुए सुधार कार्य कराया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्कूल के अनेक कमरों में या तो पानी टपक रहा है या अंदर-बाहर या गैलरी में पानी भरा हुआ है। इसे भी तत्काल सफाई के साथ मरम्मत कर सुधार कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री गोपाल गुप्ता द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या शाला में अस्थायी रुप से निर्माण कराने, मटेरियल डालने, पहले से चल रहे काम को तत्काल निपटवाने की जिम्मेदारी कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा सौंपी गई है। जिला संस्थागत्त वित्त अधिकारी हेमंत सिंह, एसडीएम अनुराग सिंह, तहसीलदार श्याम आनंद आदि अधिकारियों को भी विभिन्न काम कराने जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।