Type Here to Get Search Results !

रूस ने अनाज समझौते का उड़ाया मजाक, 24 घंटों के भीतर यूक्रेनी बंदरगाह ओडेसा पर दागी मिसाइलें

 

कीव । रूस और यूक्रेन की ओर से ओडेसा से अनाज का निर्यात फिर से शुरू करने के समझौते पर हस्ताक्षर करने के कुछ घंटों बाद ही, रूसी सेना ने काला सागर में यूक्रेनी बंदरगाह ओडेसा पर मिसाइल दागी। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि रूस का यह कदम, अनाज निर्यात का समझौता कराने वाले तुर्की और संयुक्त राष्ट्र का 'मखौल उड़ाने जैसा है।
यूक्रेन की सेना की दक्षिणी कमान ने कहा कि दो रूसी कैलिबर मिसाइल से बंदरगाह पर हमला किया गया जबकि यूक्रेन की हवाई रक्षा सेना ने दो अन्य मिसाइलों को नष्ट कर दिया। मिसाइल हमले में कितना नुकसान हुआ इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ओलेग निकोलेंको ने कहा इस्तांबुल समझौते के तहत संयुक्त राष्ट्र और तुर्की के समक्ष किए गए वादे को तोड़ने में रूस ने 24 घंटे भी नहीं लगाए और ओडेसा बंदरगाह पर मिसाइल से हमला कर दिया।
उन्होंने कहा वादा नहीं निभाने की सूरत में, वैश्विक खाद्य संकट के लिए रूस पूरी तरह जिम्मेदार होगा। यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के 150वें दिन किए गए मिसाइल हमले पर निकोलेंको ने कहा यह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा 'संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतारेस और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैय्यब एर्दोआन का मखौल उड़ाने जैसा है, जिन्होंने यह समझौता कराया था।
गुतारेस के कार्यालय ने कहा संयुक्त राष्ट्र इन हमलों की 'कड़ी निंदा' करता है। बयान में कहा गया कल सभी पक्षों ने यूक्रेन के अनाज और अन्य कृषि उत्पादों को सुरक्षित तरीके से वैश्विक बाजार में पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई थी। इन उत्पादों से वैश्विक खाद्य संकट से जूझ रहे लोगों को मदद मिलनी है और दुनियाभर में लाखों लोगों के खाद्यान्य संकट को दूर करने की जरूरत है। रूस, यूक्रेन और तुर्की को इस समझौते का पूरी तरह पालन करना चाहिए।
अनाज निर्यात फिर से शुरू करने के लिए इस्तांबुल में समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान गुतारेस ने वाणिज्यिक खाद्यान्न निर्यात के वास्ते यूक्रेन के ओडेसा, चेर्नोमोर्स्क और युझनी बंदरगाह खोलने की सराहना की थी। साथ ही, कहा था कि इससे एक नई उम्मीद जगी है। इस समझौते से यूक्रेन का लाखों टन अनाज और रूस का कुछ अनाज तथा उर्वरक का निर्यात होना है जो युद्ध के कारण रूका हुआ है।
यूक्रेन, गेहूं, मक्का और सूरजमुखी के तेल के विश्व का सबसे बड़े निर्यातकों में से एक है।
ओडेसा के अलावा रूस ने शनिवार को मध्य यूक्रेन की एक एयरफील्ड और रेलवे प्रतिष्ठान पर मिसाइल दागी, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन ने भी रूस के कब्जे वाले दक्षिणी क्षेत्र में रॉकेट दागे। यूक्रेन के मध्य स्थित किरोवोह्रादस्का क्षेत्र में एक हवाईअड्डा और एक रेलवे प्रतिष्ठान पर 13 रूसी मिसाइल दागी गईं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.