भाजपा का संकल्प पत्र- मिशन नगरोदय में खर्च करेगी 21 हजार करोड़
जबलपुर। नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोड शो के बाद चुनाव अभियान को तेज करते हुए भाजपा ने मैदान में डटे बागी प्रत्याशियों पर सख्ती दिखाई है। प्रदेश नेतृत्व ने जिला भाजपा को भेजी सूची में 15 बागी प्रत्याशियों को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसमें पूर्व मंत्री अंचल सोनकर के भतीजे और मदन मोहन मालवीय वार्ड से आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे वीरेंद्र सोनकर,महाराजा अग्रसेन वार्ड के समर्थ तिवारी व उनकी पत्नी पूर्व पार्षद ममता तिवारी,रानी दुर्गावती वार्ड से रोहणी जायसवाल, सुभाष चंद बोस वार्ड से दिलीप पटैल, द्वारका प्रसाद वार्ड से टिल्लू नेचलानी, सेठ गोविंद दास वार्ड से आशा करोसिया, इसी वार्ड से राजकुमार रजक कल्लू बाबा, सिद्धबाबा वार्ड से बुधिया चौधरी, महर्षि अरविंद वार्ड से वीरेंद्र जाट, जवाहर लाल नेहरू वार्ड से कोमल रैकवार,निर्मल चंद जैन वार्ड से रीना यादव व उनके पति ऋषि यादव, दीवान आधार सिंह वार्ड से राम उजागर तिवारी व सुभाष चंद बोस वार्ड से सूरज कनौजिया के नाम शामिल हैं।
शहरों को ग्रीन व क्लीन बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कहा कि भाजपा के महापौर और पार्षद पद के प्रत्याशियों ने विकास और जनकल्याण का संकल्प पौधा लगाकर यह संकल्प लिया है कि पौधे के रूप में नई पीढ़ी का जीवन रोपेंगे, सांसें रोपेंगे। हम शहर को ग्रीन और क्लीन बनाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होने नगरीय निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि सरकार मिशन नगरोदय के तहत 21 हजार करोड़ खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि हर शहर में सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे। हर शहर में पौधरोपण के लिए, गरीबों के हाट बाजार के लिए स्थान होगा। सभी तरह के छोटे व्यापारियों के लिए स्थान तय करेंगे।
