Type Here to Get Search Results !

पंचायत चुनाव फेस-2, पाटन के खैरी गांव में मतदान का बहिष्कार,वोटर ढो रही वैन जब्त

कलेक्टर-एसपी पहुंचे ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में, लगी लंबी कतार 

जबलपुर। त्रि-स्तरीय पंचायतराज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान एक गांव का अस्तित्व खत्म करने से नाराज ग्रामीणों के बहिष्कार से शुरू हुआ। अधिकारियों को जब यह जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और वोटिंग का बहिष्कार करने वालों को समझाइश दी, तब मतदान शुरू हो सका। इसके अलावा मझौली के ग्राम वनखेड़ी में वोटरों को ढोकर ला रही मारुति वैन जब्त की गई। जिले में कई मतदान केंद्र ऐसे रहे जहां मतदाताओं में भारी उत्साह रहा और बूथों पर सुबह से ही लंबी कतार लग गई थी। दोपहर 1 बजे तक 65 प्रतिशत मतदान होने की खबर है।

 अधिकारी पहुंचे और नाराज ग्रामीणों को दी समझाइश

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज जिले के शहपुरा, पाटन और मझौली ब्लॉक में सुबह सात बजे से चल रहे मतदान को निविर्घ्न कराने जिला निर्वाचन अमले सहित पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी सुबह से फील्ड पर रहे। इसके तहत मतदान को प्रभावित करने वाले तत्वों, मतदाताओं को ढोकर लाने-ले जाने वालों को रोका जा रहा है। उधर आज सुबह मतदान शुरू होते ही पाटन के खैरी गांव में मतदान का बहिष्कार कर दिया जिससे हड़कम्प मच गया। सूचना मिलते ही यहां जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा और अपर कलेक्टर विमलेश सिंह सहित एसडीएम-एसडीओपी आदि अधिकारियों सहित पुलिस-प्रशासन का अमला पहुंच गया। यहां ग्रामीणों की शिकायत है कि खैरी ग्राम पंचायत जो कि एक पूरी पंचायत है उसे बाद में ग्वारी गांव में मिला दिया गया। इस पर ग्रामीण मान गए थे,लेकिन इस बार खैरी गांव को ही पांच किलोमीटर दूर धनेटा गांव में शामिल कर गांव का अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जो कि न्याय और तर्क संगत नहीं है। समाचार लिखे जाने तक अधिकारियों की समझाइश के बाद खैरी गांव में मतदान पुन: शुरू हो चुका था। उधर मझौली के ग्राम बनखेड़ी में उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अपर कलेक्टर नम: शिवाय अरजरिया और तहसीलदार राजेश सिंह ने मतदान केंद्र 163 से वोटर्स को ढो कर ले जा रही एक मारुति वेन को जप्त कर लिया है। उधर जिला निर्वाचन अमले के अलावा मतदान केंद्रों और पेट्रोलिंग-मोबाइल के लिए लगभग ढाई हजार पुलिस कर्मचारी लगे हुए हैं।

 जबलपुर जिले की तीन जनपद 257 ग्राम पंचायत

जिले की तीनों जनपद में चल रहे मतदान के लिए सुबह से मतदाताओं की लम्बी कतार केंद्र के बाहर लगी हुई हैं। इसमें बूढ़े-बुजुर्ग और बीमार-लाचार तक वोट देने लाइन में लगे हुए हैं। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह भी काफी है। तीनों जनपद की कुल 257 ग्राम पंचायतों में यह मतदान किया जा रहा है। इसमें पंच-सरपंच सहित जिला और जनपद सदस्य बनने कुल 602 पदों के लिए 1790 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। मतदान के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस मतदान केंद्र और गांव तथा क्षेत्र में तैनात है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तत्काल एक्शन ले रहे हैं। इसके चलते सभी 292 मतदान दलों के सीधे सम्पर्क में अधिकारी बने हुए हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.