नए पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा दहाई पर, एक्टिव केस बढ़े
जबलपुर। जिले में कोरोना के नए केस मिलने का आंकड़ा बढ़ने के बीच सरकारी रिकार्ड में शुक्रवार को फिर एक मौत दर्ज की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक 10 नए पॉजिटिव केस मिले और एक मरीज की मौत दर्ज की गई। स्वस्थ होने पर 6 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया और एक्टिव केसों की संख्या 49 हो गई है। मप्र में जून माह में 7 कोरोना मरीजों की मौत हुई इनमें 4 मरीज जबलपुर के बताए गए। कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के साथ ही मरीजों की मौत में यह बात सामने आई है कि मरीज के इलाज में लापरवाही हुई।
निजी अस्पताल ने भेज दिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल
साउथ सिविल लाइंस निवासी 58 वर्षीय दौलत रामचंदानी की 3 जून को मौत हो गई थी। दौलत की बेटी के मुताबिक उन्हें बुखार के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था तब कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव थी। यहां इलाज में लापरवाही के कारण उनकी हालत बिगड़ी तब अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि रामचंदानी को कोविड पॉजिटिव है मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाना पड़ेगा। मेडिकल में दूसरे दिन उनकी मौत हो गई। इसी तरह कटरा बेलखेड़ा निवासी 55 साल की मुन्नी विश्वकर्मा को उल्टी दस्त की समस्या होने पर निजी अस्पताल में इलाज भर्ती कराया लेकिन जब पैसे खत्म हो गए तो वे मुन्नी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 14 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के दो दिन बाद उनकी मौत हो गई। लाइफ लाइन हॉस्पिटल में पाटन के खजरी गांव निवासी 100 साल के जगदीश सिंह चंदेल की कोरोना से मौत हुई। वहीं 30 जून को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 55 वर्षीय मरीज की मौत हो गई जो शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में शामिल की गई।
