बोले- विवाह,जन्मोत्सव जैसे अवसर पर पौधा लगा कर मनाएं खुशियां
जबलपुर। प्रतिदिन एक पौधा लगाने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के संकल्प अंतर्गत आज फिर सर्किट हाउस में पौधा लगाया गया। इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, रेलवे बोर्ड सदस्य अभिलाष पांडे, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जामदार सहित भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के दुर्गेश शाह टिंकल आदि ने भी पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता की। इस दौरान पीपल और मौलिश्री वृक्ष के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर अनेक सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। पौधारोपण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण को बचाना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। वृक्ष ना केवल हमे जीवन देते हैं बल्कि कीट-पतंगों और पक्षियों आदि को आश्रय देते हैं। पेड़-पौधों का मानव जीवन सहित प्रत्येक पर सकारात्मक प्रभाव होता है। इसलिए सभी लोग यह संकल्प लें कि वे पौधे लगाएंगे। इसके लिए शादी-विवाह,जन्मदिवस जैसे मांगलिक अवसर पर विशेष रुप से पौधारोपण कर खुशियों को बांटा जा सकता है।