मेयर पद के प्रत्याशियों पर चर्चा, जल्द घोषित होंगे नाम
जबलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रवास के तीसरे दिन अपनी ससुराल में व्यक्तिगत कार्यों में व्यस्त रहे, लेकिन मुख्यमंत्री सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने रानीताल कार्यालय में कल देर रात तक और फिर आज सुबह पुन: उच्च स्तरीय बंद कमरा बैठक की। सूत्र बताते हैं कि इस बैठक में निकाय चुनाव की रणनीति, मुद्दे, प्रत्याशी सहित अन्य विषयों पर खास चर्चा हुई। इन बैठकों में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश एवं प्रदश्ेा प्रभारी मुरलीधर राव की लंबी क्लास चली। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद राकेश सिंह शामिल थे। कल की बैठक में उन मुद्दों पर चर्चा हुई, जो कोर ग्रुप की बैठक में छूट गए थे, इनमें नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति प्रमुख रही।
शिवराज-वीडी सुबह फिर पहुंचे भाजपा कार्यालय
आज सुबह फिर इन नेताओं का जमावड़ा रानीताल कार्यालय में लगा। ऐसा माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री के सुबह के दोनों चौपाल आयोजनों केअलावा और कोई कार्यक्रम नहीं रहे, लेकिन सुबह इस बड़ी बैठक ने चौंका दिया। इस बैठक में संगठन के विविध विषयों के साथ निकाय चुनाव पर खास रूप से चर्चा हुई। बताते हैं कि विपक्ष ने मेयर प्रत्याशियों की जल्दी घोषणा संबंधी जो रणनीति बनाई है, उसके कारण भी भाजपा का प्रदेश सत्ता-संगठन का शीर्ष नेतृत्व हरकत में आया है। ये तय हुआ कि जल्द से जल्द प्रत्याशियों की घोषणा की जाय। चुनाव में हर हाल में जीत सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेवारियां तय करने संबंधी चर्चा भी इस बैठक में हुई।
