रात्रि गश्त में मुसाफिर चैकिंग कर रही थी पुलिस से बोला-सब्जी ले जा रहा हूं
जबलपुर। शराब के आदि पिता द्वारा नशे में गालीगलौज एक कलयुगी बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने पिता की हत्या कर दी और लाश बोरे में रखकर जंगल फेकने निकला था। संयोगवश उस वक्त रात्रि गश्त में निकली अधारताल पुलिस ने मुसाफिर चैकिंग के दौरान उसे रोका तो वह गुमराह करते हुए बोला कि बोरे में सब्जी ले जा रहा हूं। पुलिस ने तलाशी ली तो बोरे में लाश मिली तब हत्या का खुलासा हुआ।
पूछताछ में न कोई हिचक और न कोई भय दिखा
नशे में पिता के गाली देने से कलयुगी बेटा इतना नाराज हुआ कि उसने रात 3 बजे सोते समय पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। 25 साल के बेटे अमन वंशकार ने ऐसा साहस जुटाया कि पिता की हत्या करने के बाद लाश बोरे में भरकर जंगल फेंकने के लिए बाइक क्रमांक एमपी 20 एमडब्ल्यू 4980 से निकल पड़ा। पुलिस से मौके पर बात करते हुए भी हत्यारे बेटे के मन या उसकी भाषा में कोई हिचक और गलती का एहसास नहीं था। लाश मिलने की सूचना पर टीआई अधारताल शैलेष मिश्र, टीआई पनागर आरके सोनी, एसआई अनिल कुमार सहित एफएसएल की डॉ. नीता जैन मौके पर पहुंची। टीआई ने बताया कि पनागर थाना क्षेत्र के बरझइयां निवासी रामलाल वंशकार उम्र 50 वीकल फैक्टरी में पदस्थ हैं। रामलाल अपनी पत्नी ममता बाई पुत्र क्रमश: आशीष , अमन , बसोरी , अजय वंशकार एवं पुत्री अंकिता के साथ रहते थे। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रामलाल वंशकार शराब पीने के आदि थे। नशा करने के बाद उनकी गालीगलौज से तंग आकर बेटे 25 वर्षीय अमन वंशकार ने रात करीब 3 बजे सोते समय पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। घर के बाकी सदस्य गहरी नींद में थे और आरोपी की मां कुछ दिन पहले ही बेटी के साथ अपने मायके प्रेम सागर जबलपुर गईं थीं। सोमवार रात रामलाल वंशकार शराब पीकर गालीगलौज करने के बाद खाना खाकर सो गए थे तब उनके बेटे अमन ने हत्या कर दी।
मोहल्ले वाले बोले-घर का सबसे अच्छा बेटा था अमन
पिता की हत्या कर लाश को बोरे में भरकर ले जाते हुए पकड़ा गए बेटे अमन की जानकारी मोहल्ले सहित आसपास रहने वाले रिश्तेदारों को लगी तो मृतक के घर में भीड़ लग गई। मौके पर चर्चा रही है कि रामलाल-ममता का दूसरे नंबर का बेटा अमन घर में सबसे समझदार था। सबका ख्याल रखता था, लेकिन उसने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया।