भाजपा-कांग्रेस पर बरसे एआईएमआईएम के अध्यक्ष ओबेसी
जबलपुर। नगरीय निकास चुनाव के माहौल में पहली बड़ी सभा एआईएमआईएम के नेता असुद्दीन ओबेसी की रही जिसमें उन्होने भाजपा के साथ ही कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कहा कि जितनी जल्दी कांग्रेस खत्म होगी उतना ही भला लोकतंत्र का होगा। ओबेसी ने कांग्रेस के वोट काटने संबंधी आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि कमलनाथ बताएं कि वे मप्र में सरकार क्यों नहीं बचा पाए और ज्योतिरादित्य सिंधिया क्यों भाजपा की गोद में जा बैठे। सुब्बाशाह मैदान की विशाल सभा में ओबेसी ने कहा कि हम हिंसा से नहीं वोट की ताकत से मुसलमानों को मजबूत बनाएंगे।
नूपुर शर्मा को क्यों छोड़ा, प्रधानमंत्री मोदी जवाब दें
उन्होने भाजपा पर भी तीखे वार किए और कहा कि पैगम्बर साहब पर अनुचित टिप्पणी करने वाली भाजपा की प्रवक्ता नूपुर शर्मा को अब तक क्यों छोड़कर रखा गया है, इसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना चाहिए। उन्होने कहा कि खरगोन और सेंधवा में मुसलमानों के मकान तोड़कर जुल्म किया गया। उन्होने भारत और देश की सीमा लद्दाख में चीन द्वारा जमीन पर किए जा रहे कब्जे पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। ओबेसी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी हमला बोला और कहा कि मुस्लिमों की तालीम के लिए प्रदेश में किसी भी तरह के इंतजाम नहीं किए गए हैं।
देश में मुस्लिम गरीब क्यों, ये समझना भी जरूरी
ओबेसी की सभा में जबरदस्त भीड़ रही और लोग बेरिकेड तोड़कर मंच तक जा पहुंचे, लेकिन उन्होंने भाषण नहीं रोका और कहा कि मुस्लिम सियासी ताकत अगर बन रही है तभी इसका समाधान होगा नहीं तो इसका कुछ भी हल नहीं निकलेगा। ओवैसी ने कहा कि एआईएमआईएम को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है कि मुस्लिम लीडरशिप तैयार हो और इसे बनाया जाना बहुत ही जरूरी है। ओवैसी ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा बताएं कि आखिर भारत देश में मुसलमान गरीब और अशिक्षित क्यों हैं।