Type Here to Get Search Results !

गहराएगा संकट, पेट्रोल-डीजल की सप्लाई रोककर तेल कंपनियां कर रही खेल

ग्रामीण क्षेत्रों में होने लगी दिक्कत, पंप संचालकों को क्रेडिट न देने की नीति 

जबलपुर। पेट्रोलियम कम्पनियों द्वारा सप्लाई में की जा रही कटौती के कारण प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का संकट गहराने की आशंका मजबूत होती जा रही है। इस संबंध में पेट्रोल पम्प संचालक शासन-प्रशासन को अवगत करा रहे हैं,लेकिन सुनवाई नहीं होने से पेट्रोल-डीजल की सप्लाई का संकट बढ़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि क्रूड ऑयल महंगा होने की आड़ में पेट्रोलियम कम्पनियों द्वारा यह खेल शुरू कर दिया गया है। अनेक पेट्रोल पम्प संचालकों की मानें तो इस समय मांग के अनुपात में पेट्रोल-डीजल सप्लाई नहीं किया जा रहा है। उस पर मुसीबत यह है कि तेल कम्पनियों ने 100 परसेंट पेमेंट एक दिन पहले एडवांस में लेना शुरू कर दिया है। बताया जाता है कि पेट्रोलियम कम्पनियां राशनिंग कर रही हैं। कम्पनियां पेट्रोल में 16 और डीजल में 26 रुपए घाटा बता रही हैं। 

 रिलायंस और एसआर ने दाम भी बढ़ा दिए, कंपनी मांग रही एडवांश

 इसमें भी दो हाथ आगे रिलायंस और एसआर जैसी कम्पनियों ने तीन से पांच रुपए तक दाम बढ़ा दिए हैं। उधर भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कम्पनियों ने कटौती शुरु कर भी दी है जबकि इंडियन ऑयल अभी तक काफी सप्लाई दे पा रही है। पेट्रोलियम कम्पनियों का कहना है कि वर्तमान हालात में राशनिंग करना उनकी मजबूरी है क्योंकि कम्पनी को पेट्रोल में 16 रुपए और डीजल में 28 रुपए तक घाटा हो रहा है। इसके चलते पहले आधी पेमेंट या क्रेडिट पर मिल जाने वाला ईधन बंद हो गया है। उस पर तुर्रा यह है कि पार्ट सप्लाई यानि एक टैंकर दो आउटलेट्स में बांट दिए जाने की परम्परा ही समाप्त हो गई है। इससे परेशान पम्प संचालक को ऑन टाइम फुल कैश पेमेंट करना पड़ रही है इसलिए वे भी माल कम मंगा रहे हैं और पेट्रोलियम कम्पनियां भी मांग के अनुपात में सप्लाई नहीं कर पा रही हैं। फिलहाल कम्पनियों की पॉलिसी में शहर में तो फिर भी सप्लाई दी जा रही है, लेकिन आउटर और ग्रामीण अंचल के पम्पों पर सप्लाई रोक दी गई है। जबलपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मेहता ने कहा है कि शार्टेज तो हो रही है,लोगों को परेशानी न हो इसके प्रयास किए जाना चाहिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.