तेवर व धनगवां में हादसा, गंभीर रूप से घायलों को किया रेफर
जबलपुर। एनएच 30 सिहोरा धनगवां के पास तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने ससुराल से वापस लौट रहे बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई, वहीं कार सवार 3 युवकों को गंभीर चोट आईं हैं। घायलों को 108 एम्बूलेंस से सिहोरा अस्पताल भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। इसी तरह भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में तेवर के समीप माजदा वाहन को भारी वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें माजदा चालक की मौके पर मौत हो गई। सिहोरा पुलिस ने बताया कि ग्राम धनगवां स्थित कृष्णा ढाबा के समीप रात करीब 9:50 बजे ऑल्टो कार के चालक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। महगवां निवासी सूरज यादव 32 साल अपने साथी मोनू कोल 31 साल के साथ महगवां से सिहोरा जा रहे थे। मोनू की महगवां में ससुराल है। दोनों युवक बाइक से धनगवां पहुंचे, तभी कार चालक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में सूरज की मौके पर मौत हो गई और मोनू ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
माजदा चालक खाली कर वापस लौट रहा था
भेड़ाघाट रोड पर तेवर में देर रात एक माजदा चालक को अज्ञात भारी वाहन ने रौंदकर मौत के घाट उतार दिया। भेड़ाघाट पुलिस ने बताया कि चालक मोहन मेहरा उम्र 36 वर्ष जालौन थाना बेलखड़ा का निवासी है। मोहन रात करीब 3 बजे खाली माजदा लेकर जालौन लौट रहा था, तभी तेवर के पास हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला कायम कर तलाश शुरू कर दी है।