अधिकारियों ने सुबह छाता लगाकर पैदल किया भ्रमण और निरीक्षण
जबलपुर। स्मार्ट सिटी द्वारा गोलबाजार क्षेत्र में बनाई जा रही सड़क और अन्य निर्माण कार्य से आम जनता को हो रही परेशानी और लगातार हो रही भाजपा की किरकिरी के सोमवार की सुबह कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी एवं नगर-निगम कमिश्नर आशीष वशिष्ठ सुबह-सुबह स्पॉट निरीक्षण के लिए पहुंच गए। खास बात यह है कि बारिश के बावजूद कलेक्टर और निगम कमिश्नर छाता लगा कर गोलबाजार का निरीक्षण करते नजर आए और पैदल-पैदल चलते हुए गोलबाजार का पूरा चक्कर लगा डाला। इस दौरान सुबह-सुबह निकलने वाले राहगीरों और बुजुर्गो से भी बातचीत कर उनके दर्द को साझा किया।
करीब दो साल से त्रस्त हैं गोलबाजार व आसपास के लोग
कलेक्टर-कमिश्नर को स्थानीय लोगों ने बताया कि जब से यहां निर्माण कार्य शुरू हुए हैं उनकी जिंदगी दूभर हो गई है। बारिश से पहले धूल-धक्कड़ और खराब रास्ते ने उनका जीना दुश्वार कर रखा था तो अब बारिश होते ही कीचड़ मचा हुआ है, उसके कारण घर आना कठिन हो गया है। हालत यह है कि रोजाना कोई न कोई परेशानी या हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके कारण घर से जाने वाला जब तक लौट कर न आ जाए चिंता खाए जाती है। वहीं नगर निगम चुनाव के माहौल में भाजपा की किरकिरी हो रही थी, क्योंकि मेयर पद के प्रत्याशी का पैतृक निवास और अस्पताल भी इसी क्षेत्र में है। बताया जाता है कि कलेक्टर ने यहां नगर-निगम अमले को बुलाकर समय पर काम पूरा कराने चेताया और ठेकेदार और उनके कर्मचारियों को भी समझाईश दी। कलेक्टर ने कहा कि काम समय-सीमा के भीतर होना चाहिए आखिर पब्लिक कब तक समस्याओं को ङोलती रहेगी। कलेक्टर को लोगों ने बताया कि बारिश में कीचड़ के कारण उनकी सैर-सपाटा सब बंद हो गई है और घर तक घुस रहा कीचड़ मुसीबत बन गया है।