छिंदवाड़ा में देर रात हादसा, बाइक को बचाने में संतुलन बिगड़ा
छिंदवाड़ा। जिले के उमरानाला पुलिस चौकी अंतर्गत कोंडामऊ गांव के पास बारातियों से भरी बोलेरो कुंए में गिर गई। इस भीषण हादसे में एक बच्चे सहित सात लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक ग्राम भाजीपानी में विवाह में शामिल होने आए बाराती रात करीब दो बजे बोलेरो वाहन से वापस लौट रहे थे। कोड़ामऊ के पास एक बाइक सवार के अचानक सामने आने से ड्रायवर संतुलन खो बैठा और बोलेरो कुंए में गिर गई। कार में सवार एक तीन साल के बच्चे समेत सात लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। रात्रि गश्त पर निकलीं उमरानाला पुलिस चौकी प्रभारी कविता पटले सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचीं। कुएं में गिरे वाहन को जब तक बाहर निकाला गया, उसमें सवार सात लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं मोटरसाइकिल सवार एक महिला और बच्चे का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।