लार्डगंज थाना क्षेत्र में शराबियों ने की वारदात
जबलपुर। लार्डगंज थानांतर्गत संजय गांधी कॉलेज के पास बदमाशों ने नगर निगम सफाई ठेकेदार से सुपरवाइजर पर तलवार, चाकू और रॉड से हमला कर दिया। युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और सीधे थाने पहुंचा। जहां पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया। सवरेदय नगर में रहने वाले 24 वर्षीय नागराज कोरी ने बताया कि वह नगर निगम में ठेके पर सफाई सुपरवाइजर का काम करता है। बीती रात वह अपने भाई को ढूंढने के लिए संजय गांधी कॉलेज के पास गया था। जहां उसका भाई तो नहीं मिला, लेकिन शराब पीते हुए दिलीप, राजू, गोलू विश्वकर्मा और अन्य दो मिल गए। ये पांचों मिलकर बेवजह उसे गालियां देने लगे। शराबियों के इरादे भांपकर नागराज जब बिना कुछ कहे वहां से जाने लगा तो बदमाशों ने पीछे से उस पर तलवार, चाकू से हमला कर लहुलुहान कर दिया। नागराज किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर थाने पहुंचा। जहां उसने पूरी घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।