सड़क चौड़ीकरण के पहले नगर निगम ने थमाए थे नोटिस
जबलपुर। बेतरतीब ट्रैफिक और जाम के लिए कुख्यात घमापुर चौक से रांझी तक सड़क चौड़ीकरण के लिए एक सैकड़ा से अधिक कब्जों पर जिला, पुलिस प्रशासन व नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के पूर्व जिनके अवैध हिस्से तोड़ने थे उन्हें नोटिस थमाए जा चुके हैं। इसके बावजूद भी कुछ लोगों ने विरोध किया। जानकारी के मुताबिक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत घमापुर चौक से रांझी तक स्मार्ट रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण में ऐसे निर्माण बाधक बन रहे हैं तो जो कुछ फीट कब्जा कर लिए गए हैं। नगर निगम द्वारा ऐसे निर्माणों के अवैध हिस्से को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रह है, कि घमापुर चौक से शीतलामाई तक करीब 100 से 150 ऐसे मकान और दुकान हैं जो दो से दस फीट तक तोड़ी जाना है। इन बाधओं के अलग होते ही स्मार्ट रोड का काम शुरु कर दिया जाएगा। कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति से निपटने के लिए सीएसपी एमपी प्रजापति, आरडी भारद्वाज, 8 थाना प्रभारी सहित 70 कर्मियों का पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर निगम की ओर से कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, वेदप्रकाश, भवन शाखा से मनीष तड़से सहित अन्य मौजूद थे।