तिलवारा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक की हत्या बनी रहस्य
जबलपुर। शादी समारोह सहित अन्य आयोजन में वेटर का काम करने वाला 24 वर्षीय युवक पुलिस को रात्रि गश्त में साथी के साथ मिला, फिर सुबह 6 बजे तिलवारा थाना क्षेत्र में अज्ञात लाश की सूचना पर पहुंची पुलिस को पड़ताल में उसी नाम से शिनाख्ती भी हुई। राहुल अहिरवार नामक युवक की किसी ने हत्या कर दी, जबकि यही युवक पुलिस को रात करीब साढ़े तीन बजे सहकर्मी के साथ मिला था, लेकिन उसने जब नाम पता नोट कराते हुए बताया कि वह शादी समारोह में काम करता है और वापस घर जा रहा है तो पुलिस ने उसे जाने दिया। सुबह डायल-100 को सूचना मिली कि शास्त्री नगर चौराहा स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास युवक पड़ा है, उसके सिर पर चोट के निशान और मौके पर खून पड़ा हुआ था। सूचना मिलने के बाद सीएसपी प्रियंका शुक्ला,एफएसएल व तिलवारा पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
बुजुर्ग का एक ही सहारा था, 8 साल पहले भाई की हत्या हो चुकी
तिलवारा पुलिस के मुताबिक युवक की लाश सुबह 5 बजे मार्निग वॉक पर निकले लोगों ने शास्त्नीनगर सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास देखी। 5:40 बजे डायल-100 पर सूचना पहुंची। युवक के सिर और ललाट पर रॉड या डंडे से चोट पहुंचाने के निशान मिले हैं। कुछ देर बाद शव की पहचान राहुल अहिरवार निवासी चूल्हागोलाई नारायणपुर के रूप में हुई। मृतक राहुल बुजुर्ग दादा और विधवा मां का इकलौता सहारा था। वह शादी-पार्टी में वेटर का काम करता था। राहलु की अभी शादी नहीं हुई थी, पिता अशोक अहिरवार की बहुत पहले ही मौत हो चुकी है। एक छोटा भाई रोहित था, जिसकी 8 साल पहले हत्या हो चुकी है। बेटे राहुल की हत्या की खबर मिलते ही बुजुर्ग दादा बदहवास होकर बिस्तर पर पड़ गए। वहीं रोते-चिल्लाते हुए मां प्रमिला घटनास्थल पहुंची।
बुधवार की सुबह 9 बजे निकला था घर से
मेडिकल कॉलेज मरचुरी पहुंची मां प्रमिला बाई ने बिलखते हुए बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे राहुल घर से निकला था। डुंडवारा निवासी नंदलाल यादव के यहां शादी-पार्टी में हलवाई और टेंट वालों के साथ काम पर गया था। बताया जाता है कि रात में टेंट वाला सिवनी टोला निवासी गोलू पटेल ने अपने वाहन से राहुल, उसके साथ काम करने वाले खेमरा धूमा सिवनी निवासी पूरन लाल कुम्हरे को शास्त्रीनगर में छोड़ा था। वहीं एक महिला व पुरु ष को बाजनामठ और एक पुरु ष को त्रिपुरी चौक में छोड़ा था।
रात 3.20 बजे राहुल और पूरन पुलिस को मिले थे
तिलवारा पुलिस की रात्रि गश्त टीम को तड़के 3:20 बजे राहुल और पूरन शास्त्नीनगर के पास पैदल मिले थे। पुलिस ने देर रात दोनों से पूछताछ करते हुए उनका नाम-पता भी नोट किया था। दोनों ने शादी-विवाह में काम करने की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने जाने दिया। इसके बाद सुबह पांच बजे राहुल की लाश मिलती है। काम में देर हो जाने के कारण राहुल पूरन के घर रूक जाता था। पूरन ने पुलिस को बताया कि उस रात दोनों साथ थे। राहुल से रूकने के लिए बोला, लेकिन उसने कहा कि मामा के घर जाना है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि राहुल के कोई मामा नहीं हैं। तिलवारा पुलिस ने इस मामले में राहुल के साथ काम करने वाले तीन संदेहियों को उठाया है। उनकी भूमिका संदिग्ध मानते हुए पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।