जबलपुर। अधारताल थानांतर्गत कटरा में आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इसी तरह रांझी थाना क्षेत्र में एलआईसी एजेंट को रास्ते में रोककर 3 बदमाशों ने हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। पुलिस अपराध दर्ज कर हमलावरों की तलाश कर रही है।
पत्थर पटककर बाइक की पेट्रोल टंकी फोड़ दी
अधारताल पुलिस ने बताया कि कटरा में रहने वाला ऋषभ साहू बीती रात चौक पर अपने दोस्तों के साथ खड़े होकर बात कर रहा था। उसी दौरान वहां ईशू, राजू, जय कोरी, अभिषेक व अन्य दो लड़के पहुंचे और शराब पीने 500 रुपए की मांग करने लगे। ऋषभ ने जब रुपए देने से इंकार किया तो सभी ने मिलकर पहले तो उसे हाथ-घूसों से पीटा फिर चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के लिए ऋषभ जब बाइक उठाकर वहां से भागने लगा तो बदमाशों ने वहां पड़े पत्थर उठाए और बाइक की टंकी पर पटक दिए। जिससे फ्यूल टैंक फूटने के साथ बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ऋषभ को उपचार हेतु निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर हमलावरों की तलाश कर रही है।
पनेहरा पेट्रोल पंप के पास हमला
रांझी थानांतर्गत पनेहरा पेट्रोल पंप के पास तीन बदमाशों ने मिलकर एलआईसी एजेंट पर हमला कर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। घटना में एजेंट को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि शोभापुर में रहने वाला 24 वर्षीय कार्तिक चौकसे एलआईसी एजेंट का काम करता है। बीती रात काम निपटाकर जब वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी पनेहरा पेट्रोल पंप के पास पवन रजक , प्रवीण रजक और यश रजक ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। कार्तिक ने जब विरोध किया तो तीनों ने कॉलर पकड़कर उसे बाइक से नीचे उतारा और जमीन पर पटककर हाथ-घूसों, लात से पीटने लगे। बदमाश उस पर चाकू से हमला करने वाले ही थे कि राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे उनके चंगुल से छुड़ा लिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
