पहले दोस्ती की फिर फोटो मंगाकर वायरल करने की धमकी दे रहा था
जबलपुर। नाबालिग बच्चों के हाथ में मोबाइल फोन देकर परिजन मुसीबत मोल रहे हैं। रांझी निवासी एक स्कूली लड़की फेसबुक फ्रेंड बनाने के बाद नाबालिग दोस्त की ब्लैकमेलिंग से परेशान हो गई। रीवा निवासी लड़के ने उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी तब लड़की ने परिजनों को बताया। पुलिस थाने में की गई शिकायत पर रांझी पुलिस ने नाबालिग लड़के को रीवा में दबोच लिया। रांझी टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि रांझी, झंडा चौक निवासी लड़की ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी जाति के एक लड़के ने फेसबुक पर फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी थी। लड़की ने रिक्वेस्ट को कन्फर्म कर लिया। इसके बाद दोनों में चैटिंग होती रही। बताया जाता है कि नाबालिग लड़के ने फेसबुक की प्रोफाइल सर्च कर लड़की का मोबाइल नंबर निकाल लिया फिर परेशान करने लगा। चैटिंग के साथ ही फोटो का आदान-प्रदान होने के बाद लड़के ने आपित्तजनक फोटो वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर लड़की ने परिजनों को पूरी बात बताई तब मामला पुलिस थाने पहुंचा। रांझी पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग लड़के की पतासाजी शुरू की। जिसमें पुलिस की साइबर सेल से फेसबुक की आईडी रीवा से सक्रिय पाई गई। जिसके बाद रांझी पुलिस की टीम ने रीवा जाकर लड़के को गिरफ्तार कर लिया। अब उससे पूछताछ की जा रही है।
