ट्रिपल मर्डर : आदिवासी दम्पती का बच्ची सहित कत्ल, महिला का सिर पेड़ से लटका मिला
May 17, 2022
0
मण्डला में जघन्य हत्या, पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपी
मण्डला। जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बोड़ासिल्ली के पातादेई में छत पर सो रहे आदिवासी दम्पती सहित 12 वर्षीय मासूम बच्ची की नृशंस हत्या कर दी गई। 16-17 मई की दरम्यानी रात हुई इस वारदात में महिला का सिर धड़ से गायब था और सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब तलाश किया तो घटना स्थल से 1 किलोमीटर दूर खेत में पेड़ से लटका हुआ सिर मिला। खबर के मुताबिक पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले परिवार के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि 62 वर्षीय नरबद सिंह,52 वर्षीय सुकरती बाई व 12 साल की पोती महिमा का गला काटकर हत्या करने के पीछे जादू-टोना का शक वजह रही।
खेत में लगे आम के पेड़ पर लटकी मिली महिला की मुंडी
बताया जाता है कि आदिवासी दम्पती अपनी पोती के साथ छत पर सो रहे थे और नीचे के हिस्से में परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। हत्यारों ने शातिर तरीके से तीनों का गला काट कर हत्या की और नीचे परिजनों को भनक नहीं लगी। सुबह जब तीनों छत से नीचे नहीं उतरे तो उनकी बहू ने छत पर जाकर देखा तो चींखते हुए नीचे भागी। छत पर तीनों की रक्तरंजित लाश पड़ी थी और सुकरती बाई का सिर धड़ से गायब था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कटे हुए सिर की तलाश की तो समीप ही खेत में लगे आम के पेड़ पर कटा हुआ सिर लटकता मिला। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि घटना स्थल पहुंचे मंडला एसपी ने हत्यारों की तलाश करने निर्देश दिए और पूछताछ के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कहा जा रहा है कि जादू-टोना के शक पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद मौके पर निवास विधायक अशोक मर्सकोले व बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा पहुंचे और हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। उधर, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने आदिवासी दम्पती की हत्या पर दुख जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला।
Tags