पीएम की बात मानें राज्य तो और मिल सकती है राहत
नई दिल्ली। केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय हो गई है। इसी कड़ी में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 8 रुपए, जबकि डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर कमी करने की घोषणा की है। सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 7 रुपए प्रति लीटर कम हो जाएगी। नए रेट शनिवार की रात 12 बजे से लागू होंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि हम प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के 9 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 200 रुपए प्रति गैस सिलेंडर (12 सिलेंडर तक) की सब्सिडी देंगे। इससे माताओं और बहनों को मदद मिलेगी। देश में पिछले महीने यानी अप्रैल में खुदरा महंगाई यानी रिटेल इन्फ्लेशन दर 8 साल के उच्चतम स्तर 7.79 फीसदी पर पहुंच गई है। रिटेल इन्फ्लेशन के आंकड़ों में यह बढ़ोतरी खाने-पीने की चीजों के अलावा ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते हुई है। जानिए कितना कम हुआ टैक्स? अभी सरकार पेट्रोल पर 27.90 और डीजल पर 21.80 रुपए एक्साइज ड्यूटी के रूप में वसूलती है। इस कटौती के बाद पेट्रोल पर 19.90 और डीजल पर 15.80 रुपए एक्साइज ड्यूटी रह जाएगी। इससे पूरे देश में पेट्रोल साढ़े 9 रुपए और डीजल 7 रुपए लीटर तक सस्ता हो जाएगा।
किसी राज्य ने पीएम की बात पर नहीं घटाया वैट
पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए राज्यों को एक्साइज ड्यूटी कम करने की सलाह दी थी। हालांकि प्रधानमंत्री की सलाह पर किसी राज्य ने वैट नहीं घटाया, लेकिन पीएम की अपील पर विपक्षी दलों की सरकारों ने पलटवार किया था। कुछ राज्यों ने यहां तक कहा था कि यदि केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी कम करे तो हम भी टैक्स घटाने के लिए तैयार हैं। माना जा रहा है केंद्र सरकार के इस कदम के बाद अब राज्य भी वैट कम कर सकते हैं। इससे जनता को और राहत मिलेगी।
सुरजेवाला का ट्वीट, लोगों को मूर्ख मत बनाओ
केंद्र के एलान के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, वित्त मंत्री जी, आज पेट्रोल की कीमत 105.41 रुपए प्रति लीटर है। आपने कहा है कि कीमतें 9.50 रुपए प्रति लीटर कम होगी। 21 मार्च 2022 यानी 60 दिनों पहले पेट्रोल की कीमत 95.41 रुपए प्रति लीटर थी। 60 दिनों में आपने पेट्रोल की कीमतें 10 रुपए प्रति लीटर बढ़ाईं और अब 9.50 रुपए प्रति लीटर कम कर दीं। लोगों को मूर्ख मत बनाओ।
