बुरहानपुर/19 मई, 2022/-भोपाल एशियन डेवलपमेंट बैंक के कार्यपालक निदेशक और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री समीर कुमार खरे ने बुरहानपुर और नेपानगर जल प्रदाय परियोजना के कार्यों का निरीक्षण किया। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा विश्व बैंक के सहयोग से बुरहानपुर और एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से नेपानगर में जल प्रदाय परियोजना का कार्य क्रियान्वित किया जा रहा है। कार्यपालक निदेशक ने परियोजनाओं के विभिन्न घटकों, जल शोधन संयंत्र, ओवर हैड टैंक और इंटैकवैल का बारीकी से अवलोकन किया।
वहीं श्री खरे ने प्रजेन्टेशन के माध्यम से परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति की जानकारी ली। कार्यपालक निदेशक ने परियोजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशंसा की। श्री खरे के साथ कम्पनी के मुख्य अभियंता श्री विजय गुप्ता और परियोजना प्रबंधक श्री राजेन्द्र कुमार सोलंकी, सहायक परियोजना अधिकारी श्री संजय पाण्डेय सहित परियोजना प्रबंधन सलाहकार फर्म और संविदाकार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

