कुख्यात अपराधी राजा सोनकर के कब्जे से 5 करोड़ कीमती सरकारी जमीन मुक्त
May 27, 2022
0
कलेक्टर-एसपी के निर्देश पर नगर निगम ने चलाया बुल्डोजर
जबलपुर। पुलिस रिकार्ड में एक दर्जन से अधिक अपराध में शामिल कुख्यात बदमाश राजा सोनकर द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा कर अवैध तरीके किए गए निर्माण को पुलिस-प्रशासन की टीम ने बुल्डोजर चलाकर जमींदोज कर दिया। पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा 4 करोड़ 75 लाख रुपए कीमत की जमीन/निर्माण को कब्जा मुक्त कराया है। राजा सोनकर की अपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए विवाद की आशंका पर एडीएम नम: शिवाय अरजरिया, सीएसपी आरडी भारद्वाज, टीआई ओमती एसपीएस बघेल, बेलबाग टीआई प्रियंका केवट, हनुमानताल टीआई उमेश गोल्हानी, घमापुर टीआई जीआर चंद्रवंशी थाना के पुलिस बल एवं पुलिस लाइन के फोर्स के साथ अतिक्रमण दस्ता कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा।
ओमती सीएसपी आरडी भारद्वाज ने बताया कि कलेक्टर इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा एवं जेएमसी कमिश्नर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर शातिर बदमाश राजा सोनकर निवासी भरतीपुर के विरुद्ध बलवा कर हत्या का प्रयास, बमबाजी, अवैध वसूली, मादक पदार्थ की तस्करी, मारपीट आदि के करीब 15 प्रकरण दर्ज हैं। राजा सोनकर ने थाना ओमती क्षेत्र के बल्ली मार्केट में 9 हजार 500 वर्ग फुट में शासकीय जमीन जिसकी कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपए है, पर 50 लाख रु पए की लागत से निर्मित किए गए सूकर पालन केंद्र, टीन शेड से निर्मित दुकानें, ऑफिस एवं गैरिज को जमींदोज कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है। पुलिस ने बताया कि कब्जाधारी राजा सोनकर के विरुद्ध थाना ओमती, लार्डगंज, कोतवाली, बेलबाग, मदनमहल थाना एवं जीआरपी थाना अपराध दर्ज हैं।
Tags