Type Here to Get Search Results !

ईसी ने किया पंचायत चुनाव का ऐलान, तीन चरणों में वोटिंग, पहला चरण 25 जून को

जबलपुर के सिहोरा, कुंडम, पनागर व बरगी पहले चरण में , मझौली, पाटन व शहपुरा दूसरे चरण में होगा मतदान 

भोपाल । राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनावों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है। प्रदेश में तीन चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 115 , दूसरे चरण में 106 और तीसरे चरण में 92 जनपद पंचायतों में चुनाव होंगे। 30 मई से चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला पंचायत का परिणाम 15 जुलाई को आएगा। जनपद और ग्राम पंचायतों का रिजल्ट 14 जुलाई को आएगा। जबलपुर जिले में पहले चरण में सिहोरा, कुंडम, पनागर व बरगी तथा दूसरे चरण में मझौली, पाटन व शहपुरा में मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पहले चरण का मतदान 25 जून को होगा। दूसरे चरण का मतदान 1 जुलाई और तीसरे चरण का मतदान 8 जुलाई को होगा। मतदान सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। 10 मई की मतदाता सूची अनुसार कुल 3 करोड़ 93 लाख 78 हजार 502 मतदाता इसमें हिस्सा ले सकेंगे। जिसमें से दो करोड़ 3 लाख 14 हजार 793 पुरुष और 1 करोड 90 लाख 62 हजार 749 महिला मतदाता हैं। चुनाव करवाने में 4 लाख 25 हजार लोग व्यवस्था में लगेंगे। आयुक्त ने बताया कि 91 पंचायतों का कार्यकाल नवंबर में पूरा होगा, उसके बाद इनमें चुनाव होंगे।

 चुनाव के तत्काल बाद मतगणना, परिणाम घोषित होंगे एक साथ 

चुनाव के लिए नाम दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 जून रहेगी। आवेदनों की जांच 7 जून को होगी और 10 जून तक नाम वापसी हो सकेगी। इसी दिन चुनाव चिंह का आवंटन किया जाएगा। हर चरण में चुनाव के तत्काल बाद काउंटिंग हो जाएगी, लेकिन परिणाम बाद में एक साथ जारी किए जाएंगे।

 पहला चरण ..... भोपाल जिल के फंदा, बैरसिया। राजगढ़ जिले के ब्यावरा, राजगढ़। रायसेन जिले के सिलवानी, बाडी। विदिशा जिले के बासौदा , विदिशा। सीहोर जिले के सीहोर। इंदौर जिले के इंदौर, महू, सांवेर और देपालपुर। खरगौन जिले के भगवानपुरा, ङिारन्या, सेगांव। खंडवा जिले के खंडवा, हरसूद और बलड़ी। ग्वालियर जिला मुरार, भितरवार, घाटीगांव और डबरा। जबलपुर जिले में सिहोरा, कुण्डम, पनागर और बरगी। 25 जून को 115 जपं व 8702 ग्राम पंचायत में मतदान होगा।

 दूसरा चरण .... राजगढ़ जिले की जीरापुर और खिलचीपुर। रायसेन जिले के उदयपुरा, गैरतगंज, बैगमगंज,। सीहोर जिले के नसरुल्लागंज, इछावर। विदिशा जिले के सिरोंज और नटेरन। खरगौन जिले के महेश्वर, बडवाह। खंडवा जिले के पुनासा और खालवा। जबलपुर मझौली, पाटन और शाहपुरा 1 जुलाई 106 जपं व 7661 ग्राम पंचायत में होगा मतदान। 

तीसरा चरण .... राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़, सारंगपुर। रायसेन जिले के सांची और औबेदुल्लागंज। सीहोर जिले के आष्टा और बुदनी। विदिशा जिले के कुरवाई, ग्यारसुपर और लटेरी। खरगौन जिले के भीकनगांव, कसरावद, गोगांव, खरगोन। खंडवा जिले के पंधाना, छैगांवमाखन। 8 जुलाई को 92 जपं में मतदान होगा।

 नहीं बदलेगा मेयर व नगर पालिका- नगर परिषद का आरक्षण

 प्रदेश के 16 नगर निगम के लिए आरक्षण का कार्यक्रम नहीं बदलेगा। नगरीय विकास और आवास विभाग ने साफ किया है कि इसके लिए राज्य शासन द्वारा दिसम्बर 2020 में जारी की गई आरक्षण की अधिसूचना ही प्रभावी रहेगी। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका और नगर परिषद अध्यक्ष के पदों के लिए आरक्षण की कार्यवाही नए सिरे से होगी। इसके लिए जल्द ही आरक्षण कार्यक्रम जारी किया जाएगा। यह आरक्षण 31 मई को संभावित है। 10 दिसम्बर 2020 को जो नगर निगम ओबीसी के लिए आरक्षित किए गए हैं उनमें महिला ओबीसी के लिए भोपाल और खंडवा नगर निगम के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सतना, रतलाम नगर निगम ओबीसी पुरुष के लिए आरक्षित हैं। इसके साथ ही मुरैना एससी महिला, उज्जैन एससी वर्ग तथा छिंदवाड़ा एसटी वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। शेष बचे नगर निगम रीवा, जबलपुर, सिंगरौली, इंदौर अनारक्षित होंगे तथा बुरहानपुर, सागर, कटनी, ग्वालियर व देवास महिला वर्ग के लिए आरक्षित होगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.