विधायक ने महिलाओं को दिया था आश्वासन, नहीं हटी तो वे खुद धरना देंगे
जबलपुर। नई आबकारी नीति लागू होने के दूसरे दिन पूर्व सीएम उमाभारती के विरोध का असर जबलपुर में दिखने लगा है। सदर मेन रोड पर पेंटीनाका के समीप खुली शराब दुकान का विरोध तेज होने के बाद उसे रातों-रात हटाने की कवायद शुरू हो गई है। शराब दुकान के विरोध में सड़क पर उतरी महिलाओं के समर्थन में जनता दल यू ने भी धरना दिया, वहीं उद्वेलित महिलाओं को विधायक अशोक रोहाणी ने आश्वस्त किया था कि यदि शराब दुकान नहीं हटती तो वे खुद धरना देकर बैठेंगे।
जनता दल यू ने किया महिलाओं के आंदोलन का समर्थन
पेंटीनाका में दूसरी जगह से शिफ्ट होकर आई शराब दुकान के विरोध में आंदोलन तेज हो रहा है। महिलाओं का बच्चों के साथ सड़क पर उतरने का घटनाक्रम होने के बाद जनता दल यू प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने भी उमा भारती का समर्थन करते हुए पेंटीनाका दुकान हटाने की मांग की। इसी तारतम्य में जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, संतोष नेमा, मोहन दुबे, रुचि सेठ आदि ने समर्थकों के साथ धरना दिया और प्रशासन से मांग की कि शराब दुकान तत्काल हटाई जाए। उधर, शराब ठेकेदार ने भी दुकान को वहां से हटाने की कवायद शुरू करते हुए महिलाओं की बात को सम्मान देने की बात कही है। बताया जाता है कि शराब दुकान रातों-रात हटाने की कवायद शनिवार की रात में ही शुरू हो गई।