इंदौर में प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत कई नेता गिरफ्तार
इंदौर। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और व्यापमं घोटाले की जांच की मांग करने हल्ला बोल में जुटे युवा कांग्रेस नेता प्रदर्शन के दौरान आपस में भिड़ गए। गुटबाजी के कारण हुए विवाद में भाजपा सरकार का विरोध भूलकर युवा कांग्रेस नेताओं में जमकर लात-घूसे चले और बाद में पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। कलेक्टर ऑफिस के सामने लगे बेरीकेड्स पर चढ़े युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को गिऱफ्तार कर लिया गया। इस घटना पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस संगठन ने विवाद करने वाले युवा कांग्रेस नेताओं की रिपोर्ट मंगाई है। इससे पहले युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है और भाजपा सरकार युवाओं के साथ विश्वासघात कर रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर व्यापमं घोटाले के आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए भूरिया ने कहा कि प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता बेरोजगारों के साथ न्याय की मांग कर हरे हैं। उन्होने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत व मुख्यमंत्री के ओएसडी इस घोटाले में लिप्त हैं और सीएम उन्हें बचा रहे है इसलिए यह विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। यदि जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की जाती तो युवा कांग्रेस को पूरे प्रदेश में पूरी ताकत से प्रदर्शन करना होगा। युवा कांग्रेस का हल्ला बोल आपसी भिडंत के कारण फेल हो गया और प्रदर्शन स्थल पर युवाओं के गुटों में मारपीट हो गई, जिसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है।
