Type Here to Get Search Results !

सहारा के 3 लाख निवेशकों के फसे हैं 5 सौ करोड़, सांसद निवास तक करेंगे पैदल मार्च

निवेशक-अभिकर्ता हितकारी संघ को कांग्रेस व आप का समर्थन 

जबलपुर। सहारा इंडिया में निवेश कर करोड़ों रुपए फसा चुके नागरिकों के हक की लड़ाई बीते 3 साल से लड़ रहे प्रदेश कांग्रेस सचिव सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि निवेशक-अभिकर्ता हितकारी संघ मंगलवार को सांसद राकेश सिंह के आवास तक पैदल मार्च कर उनसे संसद में यह मुद्दा उठाने की मांग करेगा। प्रेस कांफ्रेंस में सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि अकेले जबलपुर जिले में करीब 3 लाख से ज्यादा निवेशक-अभिकर्ताओं के करीब 500 करोड़ रुपए फंसे हुए हैं। आर्थिक समस्या से जूझ रहे लाखों पीड़ितों के हक में यह प्रदर्शन किया जा रहा है जिसमें सभी राजनीतिक दलों का समर्थन है। निवेशक-अभिकर्ताओं की इस समस्या के समाधान के लिए पिछले तीन साल से सहारा निवेशकों के भुगतान की लड़ाई रहे संघ के समर्थन में कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी उतर गई है। पत्रकारों से चर्चा में उन्होने कहा कि संघ लंबे समय से इस लड़ाई को निवेशकों के हित के लिए लड़ता आ रहा है। हमने शहर के सभी जन प्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया और उनसे अपील की कि वे इस मुद्दे को विधानसभा, लोकसभा एवं राज्यसभा में उठाएं। जब तक जनता की किसी समस्या को सरकार के सामने नहीं रखा जाएगा उसका समाधान संभव नहीं होगा। कांफ्रेस में नगर कांग्रेस अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के लिए काम करती है हम संघ के समर्थन में है। प्रशासन अपना काम करें हम जनता के लिए काम करेंगे। आम आदमी पार्टी के डॉ मुकेश जायसवाल ने कहा कि जनता की लड़ाई के लिए सभी को एक साथ आगे आना होगा, तभी इस समस्या का समाधान हो सकेगा। निवेशक अभिकर्ता हितकारी संघ ने सभी दलों एवं सामाजिक संगठनों से आहान किया है कि वे भी हमारे साथ आएं और हमारा नेतृत्व कर शहर के आम निवेशकों के हक की लड़ाई में साथ दें। 12 अप्रैल को सांसद राकेश सिंह से सहारा इंडिया में लम्बित भुगतान की समस्या पर ध्यान दिलाने एवं लोकसभा में जबलपुर के निवेशकों की बात रखने और सरकार को इस समस्या के निराकरण करने हेतु बाध्य करने पैदल मार्च कलचुरी होटल सिविल लाइंस से सांसद के आवासीय कार्यालय सायं 4 बजे प्रस्थान करेंगे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.