जनसुनवाई में आने वाले दिव्यांग को मिला कृत्रिम पैर
खरगोन 06 अप्रैल 2022। मंगलवार को जनसुनवाई में आए खरगोन ओरंगपुरा के दिव्यांग श्री शेरू ने ट्राइसिकल प्रदान करने के लिए आवेदन लिया था। जनसुनवाई कर रहे डिप्टी कलेक्टर श्री ओमनारायण सिंह ने जानकारी लेते हुए पूछा कि ट्राइसिकल तो मिल जाएगी। लेकिन क्या आपको पेंशन मिलती है या नहीं ? शेरू ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक के तौर पर पेंशन तो मिल रही है। बस चलने में परेशानी है। डिप्टी कलेक्टर श्री सिंह ने सामाजिक न्याय विभाग के कर्मचारी को अवगत कराते हुए निर्देश दिए कि इन्हें सीधे दिव्यांग पुर्नवास केंद्र ले जाएं और जांच करवा कर दिव्यांगता का प्रमाण पत्र जारी करें। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की डॉ. श्रुति महाजन ने जांच के बाद दिव्यांगजन का प्रमाण पत्र जारी किया और कृत्रिम पैर भी प्रदान किये। इसके अलावा भगवानपुरा जनपद के ग्राम क़दवाली के 26 वर्षीय मोहन बड़ोले को भी कैलिपर प्रदान किया। जिससे उन्हें बैसाखी की जरूरत नही होगी और वे आसानी से चल सकते है। मोहन जन्म से पोलियो से ग्रस्त है।


