जीआरपी परिजनों से पूछताछ कर रही
जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के पास बने रेलवे यार्ड(कोचिंग डिपो) में गुरुवार की शाम एक रेल कर्मचारी की रेल पटरी पर दो हिस्सों में पड़ी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची जीआरपी ने मर्ग कायम करते हुए लाश को पीएम के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचा दिया है। बताया जाता है कि मृत कर्मचारी दो दिन बाद सेवा से रिटायर होने वाला था। जीआरपी थाना प्रभारी सुनील नेमा ने बताया कि मृतक कृष्णा स्वामी रेलवे में सीनियर टेक्निीशियन के पद पर कार्यरत था और उसका दो दिन के बाद 30 अप्रैल को रिटायरमेंट था। बताया जाता है कि कृष्णा स्वामी सुबह 8 बजे ड्यूटी पर हाजिर हुआ और शाम 4 बजे तक सभी के साथ काम करता रहा, लेकिन कुछ देर के बाद किसी ने स्वामी की लाश रेल पटरी पर दो हिस्सों में पड़ी देखी। लाश को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे कि मृतक ने स्वयं ही ट्रेन आने पर रेल पटरी पर लेटकर अपनी जान दे दी है। घटना की जानकारी मिलते ही वहां पर कर्मचारियों का हुजूम लग गया। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी भी पहुंच गई। आनन-फानन में मृतक के परिवार को सूचना देकर बुलवाया गया। बताया जाता है, कि मृतक के दो बेटे हैं जिनमें से एक दुबई की किसी कंपनी में काम कर रहा है तो दूसरा बड़ा बेटा उपभोक्ता फोरम में संविदा में नौकरी पर है। जीआरपी मर्ग कायम करते हुए रेल कर्मचारी की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
