जबलपुर। घमापुर थानांतर्गत शीतलामाई में पुरानी बुराई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसके बाद बाद दोनों ने एक-दूसरे पर बम और पत्थर चलाए। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने अधिकारियों को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश के पालन में सीएसपी दीपक मिश्र, थाना प्रभारी घमापुर जीआर चंद्रवंशी, थाना प्रभारी कोतवाली अनिल गुप्ता, थाना प्रभारी गढ़ा राकेश तिवारी, थाना प्रभारी रांझी विजय सिंह परस्ते, चौकी प्रभारी प्रेम सागर प्रभाकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर उत्पात मचाने वालों के घर में दबिश दी। सर्चिग के दौरान आरोपी तो भाग निकले, लेकिन पुलिस ने उनके घरों से अवैध शराब का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने बताया कि बेस्ट टायपिंग के सामने शीतलामाई के पास रहने वाली आभा पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि उसके घर पर दो तीन महीने पहले बाबिल कुचबंधिया ने बम चलाए थे जिस बात पर से कुचबंधिया समाज के कुछ लोग हम लोगों से बुराई रखते हैं। इसी पुरानी खुन्नस को भुनाने के लिए बीती रात पवन कुचबंधिया, संदीप भैंसवार, तुषार कुचबंधिया और अन्य उसके भाई आशीष को गाली देकर आभा पर पत्थर और बम चला दिए।
घायल युवक ने भी लिखाई रिपोर्ट
इसी तरह झगड़े में घायल को उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल लाए गए पवन कुचबंधिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि बीती रात वह सुमित कुचबंधिया के साथ काम से मोटर सायकल से घमापुर चौक तरफ जा रहा था। रात्रि लगभग 11.30 बजे आभा पटेल के घर के सामने गुढ़ी महाराज और आशीष पटेल ने हमारी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया और शराब पीने पैसे मांगने लगे। रुपए न मिलने पर दोनों उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगे और फिर आशीष पटेल अपने घर से डंडा निकालकर लाया और गुढ़ी महाराज ने उसे पकड़ लिया आशीष पटेल ने डंडा से उसका सिर फोड़ दिया।