डॉ नरोत्तम मिश्र ने ओमती टीआई को दिए निर्देश, बंदिश लगाने वालों पर कार्रवाई करो
जबलपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में सक्रिय कार्यकर्ताओं को उनकी ही समाज के कुछ लोगों द्वारा मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए प्रतिबंधित कर दिया। जबलपुर का यह मामला आज राज्य के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र के पास पहुंचा तो गृहमंत्री ने ओमती थाना प्रभारी को कॉल कर कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को समाज के नाम पर कुछ लोग बेवजह परेशान कर रहे हैं। किसी भी व्यक्ति के स्वतंत्र जीवन में बंदिश नहीं लगाई जा सकती। दरअसल,भोपाल पहुंचे अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री मुजम्मिल अली ने गृहमंत्री को बताया कि समाज के कुछ लोग भाजपा में रहने के कारण परेशान कर रहे हैं। मुजम्मिल अली के मुताबिक 15 अप्रैल को जुमे की नमाज के पहले मस्जिद से मौखिक तौर पर ऐलान किया गया कि भाजपा के मुस्लिम कार्यकर्ताओं को मस्जिद से नमाज के लिए प्रतिबंध करने व बस्तियों से इन्हें बाहर करने की तैयारी चल रही है। मस्जिद से हुए ऐलान के बाद ओमती क्षेत्र के रहने वाले कुछ युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी से कई सालों से जुड़े मुस्लिम कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों से विवाद कर मस्जिद से बेदखल करने का प्रयास किया।
अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी ने नामजद शिकायत की
गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्र के पास शिकायत लेकर पहुंचे अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री मुजम्मिल अली ने बताया कि भाजपा से जुड़े रहने के कारण मुस्लिम समाज के कुछ लोग बेवजह परेशान कर विवाद करने की फिराक में रहते हैं। मुजम्मिल के मुताबिक गृहमंत्री ने शिकायत सुनने के बाद ओमती थाना प्रभारी एसपीएस बघेल से फोन पर निर्देश दिए कि हर व्यक्ति अपना जीवन जीने के लिए स्वतंत्र है। किसी भी व्यक्ति पर बेवजह का दबाव बनाना या फिर उसका सामाजिक या धार्मिक बाहिष्कार करना उचित नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को बेवज परेशान करने वालों पर विधिसम्मत कार्रवाई करें। मुजम्मिल अली का कहना है कि मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष अबरार अली (भुल्लन) मेहबूब अली (मब्बू) और इरफान अली (अफ्फू) आदि लोगों ने हमारी सामाजिक स्वतंत्रता पर रोक लगाने का कार्य किया है, जिन पर कार्रवाई होना चाहिए।
