वरिष्ठ पत्रकार डॉ राकेश पाठक और आईएएस शैलबाला साथ निभाएंगे जिंदगी
भोपाल। पत्रकारिता में अफसरों से करीबी संबंध बनना सामान्य बात है, लेकिन जिम्मेदारी भरा ये पेशा एक खूबसूरत रिश्ता भी जोड़ सकता है। एमपी कैडर में 2009 बैच की आईएएस शैलबाला और प्रदेश के जाने-माने पत्रकार डॉ राकेश पाठक जल्द ही विवाह के बंधन में बंधेंगे। टेलिविजन की एक डिबेट में महिला आईएएस डॉ पाठक से खासी इम्प्रेस हुईं और दोनों में बातचीत के बाद मुलाकातें हुईं और दोनों ने आगे की जिंदगी साथ निभाने का फैसला कर लिया। 57 वर्षीय डॉ राकेश पाठक की पत्नी का 7 साल पहले निधन हो गया और शैलबाला अविवाहित हैं।
लेखन और संवेदनशील प्रशासक का हुआ मेल
ग्वालियर निवासी डॉ राकेश पाठक नवभारत, नईदुनिया, प्रदेश टुडे आदि अखबारों का संपादन कर चुके हैं और देश के चुनिंदा पत्रकारों में शुमार हैं। इंदौर निवसी शैलबाला मार्टिन मप्र कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर सहित राज्य शासन के कई महत्वपूर्ण पदों पर दायित्व संभाल चुकी हैं। वे एक कर्मठ और संवेदनशील प्रशासक होने के साथ ही लेखन में भी माहिर हैं। उनकी सीरीज अमी एक जाजाबोर (मैं एक यायावर) उनकी फेसबुक वॉल पर पढ़ी जा सकती है। इसमें वे अपने आसपास की दुनिया को एक अलग नजर से देखती और दर्ज करती हैं। डॉ राकेश पाठक से उनकी मुलाकात एक टीवी डिबेट में हुई थी और इसके बाद दोनों एक दूसरे के करीब आ गए।
7 साल पहले पत्नी का ब्लड कैंसर से निधन
डॉ राकेश पाठक की पत्नी प्रतिमा 2015 में कैंसर से लड़ते हुए जिंदगी की जंग हार गई थीं। पांच साल तक उनकी पत्नी ने ब्लड कैंसर से पीड़ित रहीं तब पत्रकारिता धर्म निभाते डॉ राकेश पाठक ने दो बेटियों के साथ पत्नी का हर कदम पर हौसला बढ़ाया। प्रतिमा पाठक के निधन के बाद उन्होने बड़ी मुश्किल से खुद को संभाला। हाल ही में डॉ पाठक ने अपनी फेसबुक वॉल पर इस रिश्ते के बारे में लिखा और बताया कि आईएएस शैलबाला से उनकी मुलाकात दो साल पहले एक कार्यक्र म में हुई थी। इसके बाद टीवी डिबेट्स में या कार्यक्रमों में उनकी मुलाकात होती रहती थी। एक-दूसरे के विचार मिलते गए और अब हमारे विचारों का मेल जीवन भर के बंधन में आगे बढ़ने जा रहा है। डॉ राकेश पाठक के मुताबिक कुछ दिन पहले एक पारिवारिक समारोह में उनकी दोनों बेटियों सौम्या और शची ने शैलबाला मार्टिन का पूरे परिवार के साथ परिचय करवाया। बेटियों की नानी सहित पूरे कुटुम्ब ने शैल का पाठक परिवार में स्वागत किया। शैल के बड़े भाइयों विनय और विनोद सहित पूरे परिवार का आशीर्वाद भी हम दोनों के साथ है।