सम्पत्ति हथियाने रिटायर पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे-बहू ने की मारपीट,थाने पहुंचा मामला
April 23, 2022
0
जबलपुर। पुलिस महकमे से हाल ही सेवानिवृत्त हुए इंस्पेक्टर से प्रापर्टी अपने नाम पर दर्ज कराने के लिए बेटा-बहू और बेटे के साले ने जमकर मारपीट की। झगड़े में बीच बचाव करने आई इंस्पेक्टर की पत्नी को भी चोट आई है। बेटे-बहू की प्रताड़ना एवं मारपीट से तंग आकर थाना पहुंचे दंपती ने गोहलपुर थाना प्रभारी से शिकायत करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
गोहलपुर थाना पहुंचे पीड़ित अब्दुल सत्तार ने बताया कि वह कुछ माह पहले ही पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं। घर में बेटा रिजवान और उसकी बीवी शबाना बी प्रापर्टी अपने नाम दर्ज कराने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। रिजवान का साला छत्तीसगढ़ निवासी फिरोज खान भी इस समय बहन के घर आया हुआ है। आज सुबह बेटा रिजवान, बहू शबाना और शबाना के भाई फिरोज ने एकराय होते हुए कहा कि मकान की रजिस्ट्री शबाना के नाम पर कर दो। प्रापर्टी उनके नाम करने से इंकार करने पर सभी ने मारपीट की, जिससे नाक से खून निकलने लगा। पत्नी तायरा बी ने बीचबचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापाई की। गोहलपुर पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
Tags