कुंडम बघराजी में वारदात,आरोपी अज्जू हिरासत में
जबलपुर। भाई की मौत के बाद भाभी को दास्ता पत्नी बनाकर रखने वाले अजय उर्फ अज्जू कोल ने 40 वर्षीय देववती कोल की पीट-पीट कर हत्या कर दी। कुंडम बघराजी क्षेत्र में हुई इस वारदात की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अज्जू कोल को हिरासत में लिया तो उसका कहना था कि वह रात में जब घर लौटा तो देववती की लाश पड़ी थी। पुलिस भी पहले घर में बिखरे सामान को देख लूट के इरादे से हत्या का मामला समझ रही थी। घटना की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक देर रात सूचना मिली थी कि बघराजी में महिला की हत्या हो गई है। पुलिस जब पहुंची तो घटना स्थल के हालात देखकर शक हुआ कि लूट के इरादे से वारदात की गई है। वहीं मृतका को दास्ता पत्नी के रूप में रखने वाले अजय कोल ने भी अनभिज्ञता प्रकट की। इसके बाद पुलिस ने पडोसियों से जब पूछताछ की तो पता चला कि अज्जू और देववती में अक्सर विवाद होता रहता था और अज्जू दोपहर में घर से निकला तो रात में वापस आया। दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ था जिसमें देववती ने अज्जू को नामर्द बोल दिया था। इसके बाद मारपीट में महिला की मौत हो गई। घटना स्थल पर डीएसपी अपूर्वा किलेदार के साथ पहुंची एफएसएल प्रभारी डॉ सुनीता तिवारी के मुताबिक देववती के नाक व कान से खून निकला था और चेहरे सहित शरीर पर मारपीट के निशान हैं। लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है, रिपोर्ट आने पर कारण स्पष्ट हो जाएगा। एएसपी संजय अग्रवाल ने बताया कि अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।