Type Here to Get Search Results !

‘लव मैरिज’के बाद लाइफ स्टाइल बदल कर लूट करने वाले ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार

अधारताल, गोहलपुर, अधारताल की कई वारदातों का खुलासा 

जबलपुर। लव मैरिज करने के बाद हाईप्रोफाइल लाइफ स्टाइल मेंटेंन करने के लिए नवविवाहित जोड़े ने शहर की गलियों में लूट का कारोबार शुरू कर दिया। ये बंटी और बबली चेहरे पर नकाब लगाकर शहर की गलियों में तफरी कर महिलाओं के गले से जेवर और मोबाइल छीन कर रफूचक्कर हो जाते थे। युवक-युवती द्वारा लूट की लगातार वारदातों को देखते हुए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर पड़ताल में जुटी पुलिस ने आखिरकार लुटेरी दंपती को दबोच लिया। गोहलपुर पुलिस ने अधारताल थाना क्षेत्र सुहागी के रहने वाले लुटेरे पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में दोनों ने गोहलपुर थाना क्षेत्र में 2, अधारताल थाना क्षेत्र में 2 और विजय नगर थाना क्षेत्र में हुई एक लूट को अंजाम देना स्वीकार किया है। गोहलपुर पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज अन्य लूट के संबंध में पूछताछ कर रही है।

 लुटेरों को पकड़ने एसपी ने दिए थे योजनाबद्ध पतासाजी के निर्देश 

टीआई गोहलपुर अरविंद चौबे ने बताया कि शहर में बढ़ रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं के चलते एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने लुटेरों को योजनाबद्ध तरीके से पकड़ने के आदेश जारी किए थे। जिसके बाद पुलिस की कई टीमें पतासाजी में लगी थी। जांच के दौरान पुलिस को अधारताल निवासी विक्की गौतम राजपूत और उसकी पत्नी श्रेया पर शक हुआ। दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व ही दोनों ने लव मैरिज की थी। इसके बाद दोनों ने अपने घर का खर्चा चलाने और लाइफ स्टाइल मेंटेंन करने के लिए लूट करने का प्लान बनाया और फिर अपने काम में लग गए। विक्की और श्रेया ने बताया कि 7 अप्रैल को दीनदयाल चौक स्थित सांई कॉलोनी निवासी छवि नामक महिला के गले से और 14 अप्रैल को उन दोनों ने गोहलपुर थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति नगर निवासी महिला के सीमा कोष्टा के गले से चैन स्नेचिंग की थी। इन दोनों के अतिरिक्त पति-पत्नी ने और कहां-कहां लूट की वारदात को अंजाम दिया है, इसके बारे में पतासाजी की जा रही है।

 गढ़ा पुलिस ने पकड़ा शातिर लुटेरा

इसी तरह गढा पुलिस ने एक शातिर लुटेरे निजाम मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। गढ़ा पुलिस पकड़े गए आरोपी से लूट के संबंध में पूछताछ कर रही है, जिसमें कई लूट की वारदातों का खुलासा हो सकता है। टीआई राकेश तिवारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर बदमाश है। आरोपी पर पूर्व में कई अपराध दर्ज हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.