Type Here to Get Search Results !

जनपद सीईओ और उसके ड्राइवर को 4 लाख रिश्वत लेते लोकायुक्त टीम ने दबोचा

नि:शक्त सचिव के बेटे से तकनीकि स्वीकृति के लिए मांगी थी रकम

 जबलपुर। लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव की कुकरपानी जनपद के सीईओ सुरेंद्र साहू और उसके ड्राइवर को मिथुन पवार को 4 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। सीईओ ने जनपद पंचायत में निस्तारी तालाब, पुलिया,मेढ़ बंधान व हितग्राही के खेतों में भूमि सुधार के लिए तकनीकि स्वीकृति देने के एवज में नि:शक्त सचिव के बेटे से सवा चार लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।

 ड्राइवर ने रकम लेकर बाइक के पॉकेट में रखी और पकड़ा गया

सचिव सरवन लाल यदुवंशी के बेटे रोहन ने लोकायुक्त एसपी संजय साहू से शिकायत करते हुए बताया कि उसके पिता सरवन लाल ग्राम पंचायत कुकरपानी तहसील जुन्नारदेव जिला छिंदवाड़ा में सचिव के पद पर पदस्थ हैं तथा नि:शक्त हैं और उनका स्वास्थ्य खराब रहता है। इस वजह से पिता के सरकारी कार्यों में रोहन द्वारा सहयोग किया जाता है। ग्राम पंचायत कुकरपानी में निस्तारी तलाब, दो पुलिया, मेढ़ बंधान एवं हितग्राही के खेतों में भूमि सुधार की तकनीकी स्वीकृति प्रदान करवाने के कार्य के संबंध में जब सचिव का बेटा मुख्य कार्यपालन अधिकारी कार्यालय जनपद पंचायत जुन्नारदेव सुरेंद्र कुमार साहू से मिला तो उन्होने सभी कार्यो में तकनीकी स्वीकृति देने के एवज में 4,25000 रुपए रिश्वत की मांग मांगी। एसपी संजय साहू के निर्देशन में लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को उस समय सीईओ सुरेंद्र साहू व उसके ड्राइवर मिथुन को दबोच लिया जब वे रोहन से रिश्वत में मांगी गई 4 लाख रुपए की राशि ले रहे थे। बताया जाता है कि सचिव का बेटा रोहन यदुवंशी जब रकम लेकर पहुंचा तो सीईओ ने उसे ड्राइवर मिथुन पवार को देने कहा, ड्राइवर ने रकम लेकर अपनी बाइक की टंकी में लगे कवर के पॉकेट में रख ली थी। ट्रैप दल में डीएसपी दिलीप झारबड़े, इंस्पेक्टर स्वपनिल दास, भूपेंद्र कुमार दीवान, एवं अन्य सदस्य शामिल थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.