Type Here to Get Search Results !

मृत और रिटायर कर्मचारियों को बुला लिया जल उपभोक्ता संथा निर्वाचन की ट्रेनिंग में

प्रशिक्षण स्थल में अव्यवस्थाओं पर भड़का संयुक्त कर्मचारी मोर्चा 

जबलपुर। जल उपभोक्ता संथा निर्वाचन-2022 के लिए ट्रेनिंग देने के लिए बनी सूची में ऐसे कर्मचारियों को भी शामिल कर लिया गया जो रिटायर हो चुके और मृत हो चुके हैं। मात्र दो माह बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों को भी भरी दोपहर ट्रेनिंग के लिए बुला लिया गया, जबकि प्रशिक्षण स्थल मॉडल हाई स्कूल में न बैठने की व्यवस्था रही न ही पंखे चालू थे। हालत यह थी कि यहां पानी तक का इंतजाम नहीं रहा। ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए माइक-स्पीकर की व्यवस्था भी खराब होने से प्रशिक्षार्थियों तक आवाज नहीं पहुंच पा रही थी। जिला प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम में ऐसी अव्यवस्थाएं देखकर मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा भड़क गया। 

व्हाट्सएप पर आदेश भेजकर औपचारिकता कर दी

कर्मचारी मोर्चा के मुताबिक आदेश भेजकर रिटायर, दिवंगत और रिटायर होने वाले कर्मचारियों को ट्रेनिंग में बुला तो लिया, लेकिन इंतजाम में सिस्टम फेल हो गया। भर्राशाही यहां तक रही, कि व्हाट्सएप पर आदेश भेज दिया और हार्डकॉपी किसी को नहीं मिली। व्हाट्सएप के आधार पर मिले आदेश में भी कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंच गए, लेकिन ट्रेनिंग के नाम पर अव्यवस्था का नतीजा यह रहा कि अधिकारी-कर्मचारी हैरान-परेशान होते रहे। उस पर अब इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। मोर्चा ने कहा है कि लोक प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश कृषक संगठन निर्वाचन नियम 1999 के नियम 10 एवं 23 के प्रावधानों के अन्तर्गत जोनल अधिकारी/पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक 2 एवं 3 ड्यूटी आदेश से जुड़ा है। इसलिए इस पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाना चाहिए। यह मांग अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा सहित मध्यप्रदेश शिक्षक कांग्रेस, लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ आदि ने उठाई है। उल्लेखनीय है, कि प्रशिक्षण के लिए लोक निर्माण विभाग सहित अनेक विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.