भाई के साथ लौट रही युवती को बहाने से ले गई साथ
जबलपुर। घमापुर निवासी एक युवती को अपनी सहेली पर विश्वास करना भारी पड़ गया। इसी विश्वास का फायदा उठाकर शातिर सहेली युवती को जंगल में ले गई, जहां उसने अपने ब्वॉय फ्रेंड से युवती का रेप करा दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसका साथ देने वाली महिला मित्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। खमरिया पुलिस ने बताया, कि घमापुर में रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई, कि दो दिन पूर्व अपने भाई के साथ वह घमापुर वापस लौट रही थी। उसी दौरान उसे रास्ते में उसकी सहेली मीराबाई मिली। जिसने कोई काम होने का हवाला दिया और फिर उसे अपने साथ मटामर के जंगल ले गई। जहां कुछ ही देर में सिंधी कैंप निवासी मीराबाई का मित्र बिंदा बेन भी आ गया। जहां जंगल में बिंदा ने जबरदस्ती डरा-घमकाकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए । घटना को अंजाम देने के बाद मीराबाई और बिंदा ने मुंह खोलने पर युवती को जान से मारने की धमकी दी और वहां उसे अकेला छोड़कर भाग आए। युवती ने पुलिस को बताया, कि उसने बिंदा को पहले भी कई दफा मीराबाई के घर में देखा था, लेकिन उसे इस बात का अंदाजा नहीं था, वे दोनों ऐसी करतूत भी कर सकते हैं। पुलिस घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी है।
